यमुना ब्रिज स्टेशन रोड पर चाय की दुकान में आग से काउंटर और सामान खाक, सीसीटीवी में मंदिर का पुजारी दो बार आता-जाता दिखा, दुकानदार ने जताया साजिश का संदेह
आगरा। यमुना ब्रिज स्टेशन रोड स्थित लाला शिव प्रसाद की बगीची में सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे बाबूलाल निषाद की चाय की दुकान के बाहर आग लग गई। आग से काउंटर और उसमें रखा सामान जलकर नष्ट हो गया। दुकान मालिक ने बगीची स्थित मंदिर के पुजारी पर आग लगाने का संदेह जताया है।
पीड़ित का कहना है कि दुकान खाली कराने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकॉर्डिंग में घटना के समय पुजारी दो बार बाहर आता-जाता दिखाई दे रहा है।
बाबूलाल निषाद के मुताबिक, दुकान लंबे समय से उसके कब्जे में है, लेकिन बगीची के संचालक उसे खाली कराना चाहते हैं। मंदिर का पुजारी भी उनसे दुकान खाली करने के लिए कहता रहा है। इसी विवाद के चलते उन्हें आग लगाए जाने के पीछे पुजारी की भूमिका होने का संदेह है। हालांकि, इस आरोप की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
दुकान मालिक का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज में पुजारी रात करीब 3:30 बजे दो बार बाहर आता-जाता दिखाई दे रहा है। घटना के बाद पुजारी ने खुद को मंदिर के अंदर बंद कर लिया और दरवाजा नहीं खोला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सामाजिक कार्यकर्ता दिलीप पाठक ने पुलिस प्रशासन से सीसीटीवी फुटेज सहित सभी पहलुओं की गहनता से जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि किसी गरीब की दुकान और आजीविका को नुकसान पहुंचाने की घटना गंभीर है। प्रशासन को निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए।