15 नवंबर के दलित महासम्मेलन के लिए सपा ने वाल्मीकि बस्तियों में सपा ने झोंकी ताकत; महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को जुटाने के लिए बैठकों का दौर तेज

आगरा। आगरा में 15 नवंबर को प्रस्तावित दलित महासम्मेलन को लेकर समाजवादी पार्टी ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास ने वाल्मीकि बस्तियों में पहुंचकर समाज के लोगों से सीधा संवाद शुरू किया है। महासम्मेलन में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए बसई और रुई की मंडी में बैठकें आयोजित की गईं। इनमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। महासम्मेलन 15 नवंबर को पंचकुइयां स्थित जीआईसी मैदान में आयोजित होगा। आयोजकों का दावा है कि इसमें वाल्मीकि समाज सहित विभिन्न दलित वर्गों की बड़ी भागीदारी होगी।

Nov 10, 2026 - 00:03
 0
15 नवंबर के दलित महासम्मेलन के लिए सपा ने वाल्मीकि बस्तियों में सपा ने झोंकी ताकत; महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों को जुटाने के लिए बैठकों का दौर तेज
सपा के दलित महासम्मेलन के लिए शहर की एक दलित बस्ती में लोगों से संवाद करते सपा के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास। साथ हैं पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता।

बसई और रुई की मंडी में हुईं बैठकें

महासम्मेलन की तैयारियों के तहत पहली बैठक बसई वाल्मीकि बस्ती में आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता दीपक चौधरी ने की। बैठक के आयोजकों में डॉ. बबलू सिंह वाल्मीकि, गुलशन मुनसब, रवि चौधरी, ओमी ठेकेदार, बब्बन और लाल सिंह शामिल रहे।

दूसरी बैठक रुई की मंडी में हुई। इसकी अध्यक्षता रामचरण मुंशव ने की। इसके आयोजन में डॉ. बबलू सिंह वाल्मीकि, हरिदास भगत, कुलदीप विक्की, मोहन जी पाराशर और अशोक चौहान की भूमिका रही।

दोनों बैठकों में बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने हिस्सा लिया। वक्ताओं ने 15 नवंबर के महासम्मेलन को सफल बनाने और समाज के अधिक से अधिक लोगों को इसमें शामिल करने का संकल्प लिया।

महिलाओं की भागीदारी को बताया सामाजिक बदलाव की ताकत

शब्बीर अब्बास ने कहा कि दलित समाज की आधी आबादी महिलाओं की है। उनकी भागीदारी के बिना सामाजिक बराबरी, सम्मान और अधिकारों की लड़ाई पूरी नहीं हो सकती। वर्ष 2011 की जनगणना का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि देश की अनुसूचित जाति की आबादी में महिलाओं की हिस्सेदारी लगभग 48.6 प्रतिशत है। इसलिए महासम्मेलन में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

उन्होंने कहा कि महासम्मेलन का उद्देश्य केवल भीड़ जुटाना नहीं, बल्कि दलित समाज के सभी वर्गों को एक मंच पर लाकर उनकी आवाज बुलंद करना है। वाल्मीकि समाज सहित सभी दलित वर्गों की एकजुटता सामाजिक बदलाव की बड़ी ताकत बन सकती है।

सपा महानगर अध्यक्ष ने कहा कि वह स्वयं विभिन्न बस्तियों में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। 15 नवंबर को जीआईसी मैदान, पंचकुइयां में होने वाला महासम्मेलन दलित समाज के सम्मान, अधिकार और बराबरी की आवाज बुलंद करने का मंच बनेगा। इसमें महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

कई प्रमुख नेता और समाज के प्रतिनिधि रहे मौजूद

बैठकों और महासम्मेलन की तैयारियों से जुड़े कार्यक्रम में शब्बीर अब्बास के साथ राहुल चतुर्वेदी, धर्मेंद्र यादव, गिरीश गोयल, रामजीलाल विद्यार्थी, नरेंद्र सविता, विजेंद्र सिंह, विजय यादव, बबलू जाटव, मीना वर्मा, प्रियंका चौहान, पूनम वाल्मीकि, समीर अब्बास, हरिदास भगत, मोहन पाराशर, रामचरण मुंशव, निर्मल, अमर दास, इरफान उस्मानी और रहीस बोड़ी बिल्डर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

शब्बीर अब्बास ने सभी सहयोगियों का आभार जताते हुए दलित समाज के लोगों से 15 नवंबर को अधिक से अधिक संख्या में जीआईसी मैदान पहुंचने की अपील की।

SP_Singh AURGURU Editor