LACMA गाला में ऋतिक रोशन का जलवा, किम कार्दशियन और काइली जेनर के साथ साझा किया रेड कार्पेट

लॉस एंजिलिस। बॉलीवुड अभिनेता ऋतिक रोशन ने अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत के प्रतिष्ठित समारोह 2026 LACMA Art + Film Gala में अपनी मौजूदगी से भारतीय सिनेमा का ध्यान दुनिया की ओर खींचा। सात नवंबर को लॉस एंजिलिस में आयोजित इस समारोह में ऋतिक के साथ हॉलीवुड और फैशन जगत की कई चर्चित हस्तियां शामिल हुईं। इनमें किम कार्दशियन, काइली जेनर, निकोल किडमैन और अन्य अंतरराष्ट्रीय सितारे प्रमुख रहे।

Nov 9, 2026 - 07:01
 0
 LACMA गाला में ऋतिक रोशन का जलवा, किम कार्दशियन और काइली जेनर के साथ साझा किया रेड कार्पेट

ऋतिक रोशन के लिए यह समारोह खास उपलब्धि भी रहा। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, वह इस प्रतिष्ठित आयोजन में आमंत्रण पर पहुंचने वाले पहले भारतीय अभिनेता हैं। उनकी मौजूदगी ने अंतरराष्ट्रीय मनोरंजन जगत में भारतीय कलाकारों की बढ़ती पहचान को भी चर्चा में ला दिया।

समारोह के रेड कार्पेट पर ऋतिक बेहद आकर्षक अंदाज में नजर आए। उन्होंने विशेष रूप से तैयार किया गया काले रंग का सूट पहना था। उनका लुक सादगी और स्टाइल का मेल था। रेड कार्पेट पर उन्होंने हाथ जोड़कर मीडिया और फोटोग्राफरों का अभिवादन किया। उनकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गए।

इस आयोजन में किम कार्दशियन और काइली जेनर के अलावा निकोल किडमैन, ब्लैकपिंक की रोसे, आन्या टेलर-जॉय, एंड्रयू गारफील्ड, मिशेल योह और एस्पा की निंगनिंग जैसी अंतरराष्ट्रीय हस्तियां भी मौजूद थीं। हॉलीवुड अभिनेता लियोनार्डो डिकैप्रियो और LACMA की ट्रस्टी ईवा चाउ ने समारोह की सह-अध्यक्षता की।

LACMA यानी लॉस एंजिलिस काउंटी म्यूजियम ऑफ आर्ट की ओर से आयोजित यह वार्षिक समारोह कला और सिनेमा के बीच संबंधों को प्रोत्साहित करने के साथ फिल्म निर्माण और दृश्य कलाओं में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने के लिए जाना जाता है। इस वर्ष फिल्म निर्देशक डेनिस विलेन्यूव और कलाकार वीजा सेलमिन्स को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

ऋतिक रोशन की इस अंतरराष्ट्रीय मौजूदगी को बॉलीवुड के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। भारतीय फिल्मों और कलाकारों की वैश्विक लोकप्रियता के बीच हॉलीवुड के बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में भारतीय सितारों की भागीदारी मनोरंजन जगत में देश की बढ़ती उपस्थिति का संकेत देती है।

SP_Singh AURGURU Editor