अमेरिका में दीपावली: टाइम्स स्क्वायर से जर्सी सिटी तक भारतीय संस्कृति की रोशनी, दुकानों पर रौनक
-एसपी सिंह- न्यूयॉर्क/जर्सी सिटी। भारत से हजारों किलोमीटर दूर अमेरिका में भी दीपावली का उल्लास अब घरों और मंदिरों की चारदीवारी तक सीमित नहीं है। भारतीय मूल के लोगों ने इस पर्व को सार्वजनिक उत्सव का रूप दे दिया है। न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर से लेकर न्यू जर्सी के जर्सी सिटी और एडिसन तक दीपावली के आयोजन भारतीय संस्कृति, संगीत, नृत्य, खानपान और सामुदायिक मेलजोल का रंग बिखेर रहे हैं। बाजारों में सजावटी सामान, दीये, मिठाइयों और उपहारों की खरीदारी जोरों पर है। इस वर्ष दीपावली आठ नवंबर को मनाई जाएगी।

जर्सी सिटी में दीपावली की तैयारियां कई दिनों से दिखाई देने लगी हैं। मॉन्टगोमरी स्ट्रीट पर सरस्वती कल्चरल एसोसिएशन की ओर से आयोजित दीपावली मेले में भारतीय समुदाय के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। मेले में सजे स्टॉल, खानपान, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और बच्चों के कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहे। मंच पर भारतीय संस्कृति से जुड़े कार्यक्रमों के जरिए नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने की कोशिश भी दिखाई दी।
जर्सी सिटी के इंडिया स्क्वायर यानी नेवार्क एवेन्यू पर भी त्योहार की रौनक है। यहां भारतीय दुकानों में दीपावली की खरीदारी के लिए लोगों की आवाजाही बिल्कुल वैसी ही है जैसी भारत के बाजारों में दिखाई पड़ती है। पटेल ब्रदर्स जैसे भारतीय स्टोर में गणेश-लक्ष्मी की मूर्तियां, पूजा सामग्री, मिठाइयों, सजावटी सामान और त्योहार से जुड़ी वस्तुओं की पर्याप्त उपलब्धता है। घरों को सजाने से लेकर उपहार खरीदने तक की तैयारियों में भारतीय परिवार जुटे हैं। अमेरिका में बसे भारतीयों के लिए यह खरीदारी केवल त्योहार की तैयारी नहीं, बल्कि अपने देश और परंपराओं से जुड़े रहने का माध्यम भी है।
न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में हुए ‘दीवाली एट टाइम्स स्क्वायर’ ने भारतीय संस्कृति को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया। इस आयोजन में दीवाली बाजार, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, दीप प्रज्ज्वलन और वन टाइम्स स्क्वायर की प्रसिद्ध बॉल ड्रॉप टावर पर प्रतीकात्मक दीपावली काउंटडाउन आकर्षण रहे। संगीत कार्यक्रम में भारतीय कलाकारों के साथ अमेरिकी कलाकारों ने भी प्रस्तुति दी। आयोजकों का उद्देश्य भारतीय कला, संस्कृति और विविधता को दुनिया के सामने रखना तथा शांति, सद्भाव और एकता का संदेश देना रहा। इस आयोजन में हजारों भारतीय और दक्षिण एशियाई मूल के लोग शामिल हुए।
न्यू जर्सी में भी इस सप्ताहांत दीपावली के कई बड़े आयोजन प्रस्तावित हैं। सात नवंबर को जर्सी सिटी के एक्सचेंज प्लेस स्थित ग्रंडी पियर पर ‘दीवाली टुगेदर’ कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें भजन, ढोल, आरती, रामलीला और बच्चों के लिए मनोरंजक कार्यक्रम रखे गए हैं। इसी दिन एडिसन के पपायानी पार्क में शाम तक चलने वाला पांचवां ‘दीवाली फेस्टिवल ऑफ लाइट्स’ आयोजित किया जाएगा। इसमें संगीत, नृत्य, दीप प्रज्ज्वलन, खानपान और हस्तशिल्प के स्टॉल के साथ ड्रोन शो और आतिशबाजी भी होगी। आयोजकों को बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
अमेरिका में दीपावली का सार्वजनिक स्वरूप लगातार विस्तार ले रहा है। कई शहरों में भारतीय संगठनों, सांस्कृतिक संस्थाओं और स्थानीय प्रशासन की भागीदारी से सामुदायिक आयोजन किए जा रहे हैं। स्कूलों और सार्वजनिक संस्थानों में भी इस पर्व को पहचान मिलने लगी है। न्यूयॉर्क, न्यू जर्सी और पेंसिल्वेनिया सहित कई राज्यों के कुछ स्कूल जिलों में दीपावली पर अवकाश की व्यवस्था है। हालांकि यह सुविधा सभी राज्यों और स्कूलों में समान रूप से लागू नहीं है।
भारतीय समुदाय के लिए दीपावली केवल धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि अपनी सांस्कृतिक पहचान को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का अवसर भी बन गई है। पूजा, दीये, रंगोली और मिठाइयों के साथ भारतीय संगीत, नृत्य और खानपान अमेरिकी समाज के दूसरे समुदायों को भी आकर्षित कर रहे हैं। यही वजह है कि दीपावली के आयोजन अब भारतीय परिवारों के मेल-मिलाप से आगे बढ़कर बहुसांस्कृतिक अमेरिकी समाज में साझा उत्सव का रूप लेते जा रहे हैं।