प्रेम प्रसंग के शक में हैवान बना पति! पत्नी को कुर्सी से बांधकर पेट्रोल छिड़का, जिंदा जलाया; आग की लपटों में घिरते ही बच्चों को लेकर फरार
छिबरामऊ (कन्नौज)। पत्नी के किसी दूसरे युवक से प्रेम संबंध होने के शक में एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। छिबरामऊ कोतवाली की सिकंदरपुर पुलिस चौकी क्षेत्र के जगतपुर गांव में पति सुखवीर (35) ने कथित तौर पर अपनी पत्नी सोनम (32) को कुर्सी से बांधकर उस पर पेट्रोल डाल दिया और आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी सोनम की दर्दनाक मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने बच्चों को लेकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के मुताबिक, सुखवीर को शक था कि उसकी पत्नी सोनम का गांव के ही एक युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था। दोनों के बीच इस विवाद को लेकर करीब दो दिन पहले सिकंदरपुर पुलिस चौकी में पंचायत भी हुई थी। हालांकि, पंचायत के बाद भी विवाद शांत नहीं हुआ।
आरोप है कि गुरुवार को विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। सुखवीर ने सोनम को कुर्सी से बांध दिया और उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने सोनम को अपनी चपेट में ले लिया। पत्नी को आग की लपटों में घिरा छोड़कर सुखवीर अपने बच्चों को लेकर फरार हो गया। गंभीर रूप से झुलसने के कारण सोनम की मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। घर से आग की लपटें उठती देखकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। वारदात की खबर फैलते ही आसपास के गांवों में भी दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच प्रेम प्रसंग को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। दो दिन पहले पुलिस चौकी में हुई पंचायत के बावजूद मामला इस हद तक पहुंच गया कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।
वारदात के बाद से आरोपी सुखवीर बच्चों समेत फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।