शादी का दबाव बनाया तो स्कूल प्रबंधक ने शिक्षिका की गला घोंटकर कर हत्या कर दी, शव कार की डिक्की में रखकर घूमता रहा

गोरखपुर/देवरिया। शादी से बचने के लिए स्कूल प्रबंधक ने महिला शिक्षिका की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने शिक्षिका का गला घोंटने के बाद शव अपनी कार की डिक्की में रखा और कई घंटे तक गोरखपुर तथा देवरिया के इलाकों में घूमता रहा। अंधेरा होने पर उसने शव देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में एक स्कूल के पास झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपी स्कूल प्रबंधक विजय निषाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उधर, शिक्षिका की हत्या से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने गोरखपुर में प्रदर्शन कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, एक करोड़ रुपये मुआवजे और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।

Nov 4, 2026 - 07:18
 0
शादी का दबाव बनाया तो स्कूल प्रबंधक ने शिक्षिका की गला घोंटकर कर हत्या कर दी, शव कार की डिक्की में रखकर घूमता रहा

आठ साल से स्कूल में पढ़ा रही थी रानी

मृतका रानी विश्वकर्मा गोरखपुर जिले के झंगहा थाना क्षेत्र के खुरहरी गांव की रहने वाली थी। वह चौरीचौरा क्षेत्र के नई बाजार स्थित वीएन सेंट्रल एकेडमी में वर्ष 2018 से शिक्षिका के रूप में कार्यरत थी। परिवार के मुताबिक, 31 अक्टूबर को वह वेतन लेने के लिए घर से स्कूल गई थी। देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल के शिक्षकों और परिचितों से जानकारी करने पर भी उसका पता नहीं चला।

इसी बीच देवरिया जिले के रुद्रपुर थाना क्षेत्र के कन्हौली गांव के पास सड़क किनारे झाड़ियों में एक अज्ञात युवती का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। शुरुआत में शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने उसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित की, जिसके बाद गोरखपुर के खुरहरी गांव के लोगों ने उसकी पहचान रानी विश्वकर्मा के रूप में की। परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और शव की शिनाख्त की।

शादी के दबाव को लेकर हुआ था विवाद

पुलिस की जांच में सामने आया कि स्कूल प्रबंधक विजय निषाद और रानी के बीच पिछले कई वर्षों से नजदीकी संबंध थे। आरोपी पहले से विवाहित है और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, रानी उससे शादी करना चाहती थी और लगातार इस बात का दबाव बना रही थी। इसी मुद्दे पर दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

देवरिया पुलिस के अनुसार, 31 अक्टूबर की सुबह रानी स्कूल पहुंची थी। वहां उसने एक बार फिर विजय निषाद के सामने शादी का प्रस्ताव रखा। दोनों के बीच बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। इसके बाद आरोपी उसे अपनी सफेद वैगनआर कार में बैठाकर मीठा बेल गांव के बाहर एक सुनसान कच्चे रास्ते पर ले गया।

पुलिस का कहना है कि कार में ही आरोपी ने रानी का गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को कार की डिक्की में रखकर ढंक दिया। आरोपी ने तत्काल शव को ठिकाने लगाने के बजाय कई घंटे तक कार में लेकर गोरखपुर और देवरिया के सीमावर्ती इलाकों में चक्कर लगाए।

मोबाइल तोड़ा, एटीएम कार्ड भी फेंका

पुलिस के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की भी कोशिश की। उसने रास्ते में रानी का मोबाइल फोन तोड़कर फेंक दिया और उसका एटीएम कार्ड भी अलग कर दिया। शाम होने पर वह देवरिया के रुद्रपुर क्षेत्र में पहुंचा और श्रीनेत ग्लोबल स्कूल के पास झाड़ियों में शव फेंककर फरार हो गया।

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। मंगलवार को रुद्रपुर पुलिस और एसओजी की टीम ने विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर मृतका के कुछ सामान भी बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी की कार की फोरेंसिक जांच भी कराई है। उसके खिलाफ हत्या और साक्ष्य मिटाने के आरोप में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

SP_Singh AURGURU Editor