बरेली में ट्रक में पीछे से घुसी नेपाली यात्रियों से भरी बस, एक की मौत और 25 घायल; दो मासूमों समेत तीन की हालत गंभीर

-आरके सिंह- बरेली। दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार तड़के नेपाली यात्रियों से भरी एक प्राइवेट बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। फतेहगंज पश्चिमी थाना क्षेत्र में धनेटा रेलवे फाटक के पास हुए इस भीषण हादसे में एक यात्री की मौत हो गई, जबकि 25 अन्य घायल हो गए। घायलों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। तीन घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें राजश्री मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। हादसे में जान गंवाने वाले यात्री की अभी शिनाख्त नहीं हो सकी है।

Nov 3, 2026 - 20:33
 0
बरेली में ट्रक में पीछे से घुसी नेपाली यात्रियों से भरी बस, एक की मौत और 25 घायल; दो मासूमों समेत तीन की हालत गंभीर

क्षेत्राधिकारी हाईवे देवेश सिंह के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 3:30 बजे जय पशुपतिनाथ टूर्स एंड ट्रैवल्स की निजी बस संख्या UK 08 PA 1567 धनेटा रेलवे फाटक के पास एक ट्रक से पीछे से टकरा गई। बस हिमाचल प्रदेश के गुम्मा कोटखाई से नेपाल के रुपईडीहा जाने के लिए बुक की गई थी। इसमें सेब के बागानों में काम करने वाले 29 मजदूरों के अलावा कुछ अन्य यात्री भी सवार थे।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री क्षतिग्रस्त हिस्से में फंस गए। सूचना मिलते ही फतेहगंज पश्चिमी पुलिस और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की राहत टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से बचाव अभियान चलाया। बस के क्षतिग्रस्त हिस्से को काटकर उसमें फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस से उपचार के लिए मीरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया गया। इनमें से छह घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन यात्रियों को राजश्री मेडिकल कॉलेज में उपचार के लिए भेजा गया। दुर्घटना में गंभीर चोट लगने के कारण एक यात्री की उपचार के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना देने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

घायलों में राम बहादुर सुनार पुत्र डम्मर वाल सुनार निवासी भटिया, नेपाल, सुबरना पुत्री रतना, रोहित पुत्र सुधीप, सुधीप पुत्र तिलवीर, संदेश पुत्र सत्यम, देवेश राज पुत्र शिवराज, अमर बहादुर पुत्र बुद्धि बहादुर, साविल पुत्र वल बहादुर और राम बहादुर पुत्र पिसारी शामिल हैं।

सीओ देवेश सिंह ने बताया कि अन्य यात्रियों का सत्यापन कर प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजनों से संपर्क किया जा रहा है। यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना करने की व्यवस्था भी की जा रही है। हादसे के बाद यातायात और कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य है।

SP_Singh AURGURU Editor