डीईआई की युवा संसद में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर गूंजे तर्क, कनक चौहान ने बाजी मारी; खुशबू मिश्रा दूसरे स्थान पर

आगरा। युवाओं में लोकतांत्रिक समझ, नेतृत्व क्षमता और संसदीय कार्यप्रणाली की जानकारी विकसित करने के उद्देश्य से दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट में युवा संसद एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। मेरा युवा भारत, आगरा, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा राष्ट्रीय सेवा योजना, दयालबाग एजुकेशनल इंस्टीट्यूट के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ विषय पर छात्र-छात्राओं ने अपने विचार और तर्क प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता में कनक चौहान ने प्रथम, खुशबू मिश्रा ने द्वितीय और अतिशय जैन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

Nov 2, 2026 - 22:28
 0
डीईआई की युवा संसद में ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ पर गूंजे तर्क, कनक चौहान ने बाजी मारी; खुशबू मिश्रा दूसरे स्थान पर
डीईआई में आयोजित युवा संसद की एक झलक। 

कार्यक्रम का मुख्य विषय ‘वन नेशन, वन इलेक्शन’ रहा। इसमें युवाओं ने चुनावी व्यवस्था, लोकतांत्रिक सहभागिता, प्रशासनिक प्रक्रिया और एक साथ चुनाव कराने से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर संवाद एवं चर्चा का मंच उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास, विचार अभिव्यक्ति और नेतृत्व क्षमता विकसित करना रहा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डीईआई के शिक्षा संकाय के डीन प्रो. एनपीएस चंदेल ने कहा कि युवाओं को ऐसे कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए। युवा संसद जैसे आयोजन नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और प्रभावी ढंग से विचार प्रस्तुत करने की योग्यता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। युवाओं को देश और समाज से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी प्राप्त कर सकारात्मक एवं रचनात्मक भूमिका निभानी चाहिए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी डॉ. श्रवण कुमार सहगल ने की। उन्होंने कहा कि युवा देश की महत्वपूर्ण शक्ति हैं और लोकतांत्रिक व्यवस्था में उनकी सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। युवा संसद युवाओं को संसदीय कार्यप्रणाली समझने तथा तर्क और संवाद के माध्यम से अपने विचार व्यक्त करने का अवसर प्रदान करती है।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राष्ट्रीय सेवा योजना के समन्वयक डॉ. सनिल कुमार, अखिलेश तिवारी, ज्योतिषाचार्य डॉ. हिमालय, एसएन मेडिकल कॉलेज के सहायक प्रोफेसर डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी, विभागाध्यक्ष डॉ. शैलेन्द्र सिंह चौधरी तथा डॉ. अपेक्षा जैन शामिल रहे। निर्णायकों ने प्रतिभागियों का मूल्यांकन विषय ज्ञान, विचार अभिव्यक्ति, तर्क, प्रस्तुतीकरण और आत्मविश्वास के आधार पर किया।

प्रतियोगिता में कनक चौहान ने प्रथम, खुशबू मिश्रा ने द्वितीय, अतिशय जैन ने तृतीय, सोनी चौधरी ने चतुर्थ तथा अर्शिया हाशमी ने पंचम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी गई।

कार्यक्रम का संचालन सिमरित कौर एवं तनुजा ने किया। आयोजन में मेरा युवा भारत एनवाईवी के अमन, कुलदीप, दीक्षा, अर्जुन, नितेश कुमारी, रवि, अर्चना, ब्रजमोहन, अंकित और आशा रानी सहित अन्य सहयोगियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. ललित मोहन, डॉ. निकिता एवं डॉ. मोनिका तिवारी का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन, सहयोग और समर्पण से युवा संसद भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन संभव हुआ। अंत में अतिथियों, निर्णायक मंडल, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।

SP_Singh AURGURU Editor