वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में गूंजेगा आगरा का नाम, ‘पंजाब शेरनीज़’ मैदान में भरेगी हुंकार

आगरा से जुड़े फ्रेंचाइजी सह-स्वामियों की टीम पंजाब शेरनीज़ वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग के पहले सीजन में हिस्सा लेगी। 11 से 21 नवंबर 2026 तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में छह टीमों के बीच 18 मुकाबले होंगे। पंजाब शेरनीज़ में 12 खिलाड़ी शामिल हैं। जूही शॉ टीम की आइकन प्लेयर हैं। मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर शाम पांच बजे से होगा।

Nov 1, 2026 - 19:21
 0
वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में गूंजेगा आगरा का नाम, ‘पंजाब शेरनीज़’ मैदान में भरेगी हुंकार
सह-स्वामी इन्द्रेश प्रताप सिंह, आशु भदौरिया, प्रमुग्धा सोलंकी और मधुर लाहोटी संयुक्त रूप से पंजाब शेरनीज़ की आधिकारिक टी-शर्ट और लोगो का अनावरण करते हुए।

11 से 21 नवंबर तक लखनऊ के इकाना स्टेडियम में होंगे 18 मुकाबले, भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों से सजी है टीम; आगरा से जुड़े हैं फ्रेंचाइजी के सभी सह-स्वामी

आगरा। महिला वॉलीबॉल को नई पहचान दिलाने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पेशेवर खेल का मंच उपलब्ध कराने की दिशा में शुरू हो रही ‘वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग’ के पहले सीजन में आगरा से जुड़ी फ्रेंचाइजी ‘पंजाब शेरनीज़’ अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराने जा रही है। आईपीएल और प्रो कबड्डी लीग की तर्ज पर आयोजित इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह टीमें हिस्सा लेंगी। पंजाब शेरनीज़ की खास बात यह है कि इसके फ्रेंचाइजी के सह-स्वामी आगरा से ताल्लुक रखते हैं। ऐसे में राष्ट्रीय स्तर की इस खेल प्रतियोगिता के साथ ताजनगरी का नाम भी जुड़ने जा रहा है।

रविवार को कैलाशपुरी, सिकंदरा स्थित होटल भावना क्लार्क्स इन में आयोजित प्रेस वार्ता में पंजाब शेरनीज़ के फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने टीम की आधिकारिक घोषणा की। इस दौरान टीम के खिलाड़ियों, आइकन प्लेयर, कोचिंग स्टाफ और लीग के आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की गई। टीम की आधिकारिक टी-शर्ट और लोगो का भी अनावरण किया गया।

11 से 21 नवंबर तक होगा लीग का आयोजन

फ्रेंचाइजी के सह-स्वामी इन्द्रेश प्रताप सिंह ने लीग की जानकारी देते हुए बताया कि पॉवर स्पाइक इंटरनेशनल की ओर से आयोजित वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग का पहला सीजन 11 से 21 नवंबर 2026 तक लखनऊ के इकाना इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रतियोगिता में छह टीमें हिस्सा लेंगी और कुल 18 मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि लीग का उद्देश्य महिला वॉलीबॉल को पेशेवर पहचान दिलाना, खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक मंच उपलब्ध कराना और खेल को देशभर में लोकप्रिय बनाना है। लीग के सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण जियो हॉटस्टार पर किया जाएगा। दर्शक प्रतिदिन शाम पांच बजे से मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे।

आगरा के खेलप्रेमियों को महिला वॉलीबॉल से जोड़ना लक्ष्य

फ्रेंचाइजी के को-ओनर आशु भदौरिया ने कहा कि पंजाब शेरनीज़ के माध्यम से उनका प्रयास आगरा के खेलप्रेमियों को महिला वॉलीबॉल से जोड़ना है। महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए दर्शकों की सहभागिता बेहद जरूरी है। ऐसी लीग से न केवल खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा, बल्कि शहरों में महिला खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल भी तैयार होगा।

फ्रेंचाइजी की को-ओनर एवं सीईओ प्रमुग्धा सोलंकी ने कहा कि वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग महिला खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतरीन अवसर प्रदान करेगी। उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक बेटियां वॉलीबॉल को अपनाएं और खेल के माध्यम से अपनी अलग पहचान बनाएं। उन्होंने कहा कि महिला खिलाड़ियों को उचित मंच और प्रोत्साहन मिलने से भारतीय खेल जगत में नई प्रतिभाएं सामने आएंगी।

युवा प्रतिभाओं और टीम भावना के साथ उतरेगी पंजाब शेरनीज़

टीम के मानद सलाहकार सुशील यादव ने कहा कि पंजाब शेरनीज़ युवा प्रतिभाओं, टीम भावना और बेहतर प्रदर्शन के संकल्प के साथ मैदान में उतरेगी। खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ के बीच बेहतर तालमेल बनाकर टीम लीग में अपनी मजबूत पहचान स्थापित करने का प्रयास करेगी। फ्रेंचाइजी के को-ओनर मधुर लाहोटी ने कहा कि महिला वॉलीबॉल को व्यापक पहचान दिलाने के लिए दर्शकों और खेलप्रेमियों का सहयोग महत्वपूर्ण है। उन्होंने खेलप्रेमियों से लीग के मुकाबले देखने और पंजाब शेरनीज़ सहित सभी महिला खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

12 खिलाड़ियों की टीम में भारतीय और विदेशी प्रतिभाओं का संगम

पंजाब शेरनीज़ ने पहले सीजन के लिए संतुलित खिलाड़ी दल तैयार किया है। टीम में कुल 12 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें भारतीय खिलाड़ियों के साथ अंतरराष्ट्रीय प्रतिभा को भी जगह दी गई है। टीम की आइकन प्लेयर जूही शॉ हैं, जिन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान ऑनलाइन माध्यम से पूरी टीम का परिचय कराया। टीम में कविता, भूमिका ए.आर., मारिया सेबास्टियन, गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, अल्ना राज, आकांक्षा बनाफर, वेदिका शिंदे, ईशा, पायल बिस्वास, सेतायेश शबानी और अनन्या श्री पुजारी शामिल हैं।

खिलाड़ियों की भूमिकाओं की बात करें तो कविता और आकांक्षा बनाफर यूनिवर्सल खिलाड़ी के रूप में टीम का हिस्सा हैं। भूमिका ए.आर., वेदिका शिंदे और ईरान की सेतायेश शबानी मिडिल ब्लॉकर की जिम्मेदारी संभालेंगी। मारिया सेबास्टियन सेटर के रूप में खेलेंगी, जबकि अल्ना राज और पायल बिस्वास लिबेरो की भूमिका निभाएंगी।

वहीं गोपिका गुणसेकरन, अल्पना तेतरवाल, ईशा और अनन्या श्री पुजारी काउंटर अटैकर के रूप में टीम की आक्रामक रणनीति को मजबूती देंगी। टीम प्रबंधन को उम्मीद है कि भारतीय और विदेशी खिलाड़ियों का यह संयोजन प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने में सफल रहेगा।

पंजाब शेरनीज़ के मुख्य प्रशिक्षक नरेश कुमार हैं। उनके साथ सहायक प्रशिक्षक के रूप में प्रियंका बोरा और ट्रेनर के रूप में सुमित छोकर खिलाड़ियों की तैयारी की जिम्मेदारी संभालेंगे। टीम प्रबंधन का मानना है कि खिलाड़ियों की व्यक्तिगत क्षमता के साथ सामूहिक तालमेल और अनुशासन प्रतियोगिता में सफलता की अहम कुंजी होंगे।

खेल जगत में आगरा की बढ़ती भागीदारी

वुमेंस प्रो वॉलीबॉल लीग में पंजाब शेरनीज़ की भागीदारी केवल एक टीम की प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके माध्यम से आगरा की खेल जगत में बढ़ती भागीदारी भी सामने आ रही है। फ्रेंचाइजी के को-ओनर्स इन्द्रेश प्रताप सिंह, आशु भदौरिया, प्रमुग्धा सोलंकी और मधुर लाहोटी का आगरा से जुड़ाव इस उपलब्धि को शहर के लिए खास बनाता है।

आगरा की पहचान अब तक प्रमुख रूप से पर्यटन, उद्योग, व्यापार और सांस्कृतिक विरासत के लिए रही है। राष्ट्रीय स्तर की महिला वॉलीबॉल लीग में शहर से जुड़े उद्यमियों की भागीदारी खेलों को बढ़ावा देने की दिशा में भी नई संभावनाएं खोलती है। इससे स्थानीय खेलप्रेमियों और युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी। साथ ही महिला खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए निजी क्षेत्र की भागीदारी का संदेश भी जाएगा।

टी-शर्ट और लोगो का हुआ अनावरण

प्रेस वार्ता के दौरान साइंटिफिक पैथोलॉजी के एमडी डॉ. अशोक शर्मा और कवि पवन आगरी की उपस्थिति में फ्रेंचाइजी के सह-स्वामियों इन्द्रेश प्रताप सिंह, आशु भदौरिया, प्रमुग्धा सोलंकी और मधुर लाहोटी ने संयुक्त रूप से पंजाब शेरनीज़ की आधिकारिक टी-शर्ट और लोगो का अनावरण किया।

इस अवसर पर सीए शरद पालीवाल, शनि भदौरिया, सचिन सिकरवार, राज चौधरी, यतेश कुमार सिंह, राजीव शर्मा, दिनेश चौधरी, विपिन रावत, अचिन्त्य शर्मा, अजय शर्मा और ब्रजेश शर्मा सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। टीम प्रबंधन ने एक बार फिर खेलप्रेमियों से लीग के मुकाबलों में रुचि लेने और महिला खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने की अपील की।