संत साँई कंवर राम के जीवन पर बनी लघु फिल्म का आगरा में भव्य प्रीमियर

आगरा के पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य भवन में सिंधी समाज के पूज्य संत साँई कंवर राम के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का भव्य प्रीमियर हुआ। राजकुमार सामा विचार मंच और आरए मूवीज के संयुक्त आयोजन में केंद्रीय राज्य मंत्री एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, इंदौर सांसद शंकर लालवानी और उद्यमी पूरन डावर शामिल हुए। फिल्म पूरन डावर के दिवंगत माता-पिता की स्मृति को समर्पित रही। फिल्म के भक्ति और मानवता से जुड़े दृश्यों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

Nov 1, 2026 - 18:35
 0
संत साँई कंवर राम के जीवन पर बनी लघु फिल्म का आगरा में भव्य प्रीमियर
सिंधी समाज के पूज्य संत साँई कंवर राम के जीवन पर आधारित लघु फिल्म के प्रीमियर लॉन्च पर मंच पर मौजूद अतिथि।

पूरन डावर के माता-पिता की स्मृति को समर्पित रहा आयोजन, फिल्म के भावुक दृश्यों ने श्रद्धालुओं को किया भावविभोर

आगरा। त्याग, तपस्या, भक्ति और मानवता का संदेश देने वाले सिंधी समाज के पूज्य संत साँई कंवर राम के जीवन पर आधारित लघु फिल्म का रविवार को आगरा में भव्य प्रीमियर लॉन्च किया गया। पंचकुइयां स्थित माथुर वैश्य भवन में आयोजित समारोह श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से सराबोर रहा। फिल्म के माध्यम से संत साँई कंवर राम के जीवन, उनके त्याग, आध्यात्मिक विचारों और मानव सेवा के संदेश को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।

श्रद्धेय श्री राजकुमार सामा जी विचार मंच के बैनर तले आरए मूवीज द्वारा आयोजित यह समारोह आगरा के प्रमुख समाजसेवी एवं उद्यमी पूरन डावर के पूज्य माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती सतवंती डावर और स्वर्गीय श्री लालचंद डावर की पावन स्मृति को समर्पित रहा। साथ ही सिंधी समाज के पूज्य संत साँई कंवर राम के बलिदान दिवस पर उनके जीवन और आदर्शों को याद किया गया।

सांसद, केंद्रीय मंत्री और कैबिनेट मंत्री ने किया शुभारंभ

समारोह में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी, केंद्रीय राज्य मंत्री एवं आगरा के सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल, उत्तर प्रदेश की कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य, श्री सोमनाथ धाम के पूज्य संत जहाजनाथ जी महाराज, प्रमुख उद्यमी पूरन डावर और संस्कार भारती के बांकेलाल गौड़ प्रमुख अतिथि के रूप में शामिल हुए।

अतिथियों ने भगवान झूलेलाल और भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण कर दीप प्रज्वलित किया। इसके बाद मंच के मध्य सनातन धर्म पद्धति के प्रतीक स्वरूप घंटी बजाकर फिल्म प्रीमियर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने संत साँई कंवर राम के प्रति श्रद्धा व्यक्त की।

संत साँई कंवर राम का जीवन मानवता और सेवा की प्रेरणा : एसपी सिंह बघेल

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री एवं सांसद प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल ने कहा कि संत साँई कंवर राम का संपूर्ण जीवन त्याग, तपस्या, भक्ति, मानवता और निस्वार्थ सेवा का अनुपम उदाहरण है। उनका जीवन दर्शन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी पावन स्मृतियों को समर्पित यह आयोजन सभी के लिए श्रद्धा, गौरव और आध्यात्मिक आनंद का अवसर है।

कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि संत साँई कंवर राम जैसे महान संतों का जीवन हम सभी को मानवता, सेवा और सद्भाव की सीख देता है। उनके आदर्शों को केवल याद करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार और जीवन में भी अपनाना चाहिए। अन्य अतिथियों ने राजकुमार सामा विचार मंच के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि महान संतों के जीवन पर आधारित फिल्मों के माध्यम से सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जा सकता है। ऐसे प्रयास समाज को अपनी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जोड़ने का काम करते हैं।

फिल्म के भावपूर्ण दृश्यों ने दर्शकों को किया भावविभोर

कार्यक्रम का सबसे भावुक और आकर्षक क्षण फिल्म का प्रीमियर प्रदर्शन रहा। एलईडी स्क्रीन पर संत साँई कंवर राम के जीवन से जुड़े प्रसंगों, उनकी भक्ति, आध्यात्मिक साधना और मानव सेवा पर आधारित मार्मिक दृश्यों का प्रदर्शन किया गया। सुमधुर गीत-संगीत और भजनों ने सभागार में भक्तिमय वातावरण बना दिया। फिल्म के दृश्यों और भजनों ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। पूरा सभागार ‘जय झूलेलाल’ और ‘संत साँई कंवर राम अमर रहें’ के जयघोष से गूंज उठा। उपस्थित श्रद्धालुओं ने फिल्म के माध्यम से संत के जीवन और उनके विचारों को करीब से महसूस किया। फिल्म में संत साँई कंवर राम की भूमिका निभाने वाले जितेश आसीवाल भी समारोह में मौजूद रहे।

निर्माण टीम ने संभाली आयोजन की जिम्मेदारी

फिल्म प्रीमियर समारोह के आयोजन में राजकुमार सामा विचार मंच के संयोजक एवं फिल्म निर्माता रंजीत सामा और विजय सामा की प्रमुख भूमिका रही। सह निर्माता नारायण दास लालवानी, कमल मतलानी और नरेंद्र कश्यप ‘गुन्नी भाई’ ने भी आयोजन में सहयोग किया। फिल्म के लेखक-निर्देशक सूरज तिवारी, गीतकार संजय दुबे एवं सूरज तिवारी, स्टोरी आइडिया देने वाले धर्मपाल कश्यप ‘बाबू भाई’ और व्यवस्था प्रमुख जयरामदास ने अतिथियों का स्वागत किया। विजय सामा ने समारोह का संचालन किया।

सिंधी समाज सहित शहर की कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद

समारोह में घनश्याम देवनानी, चंद्र प्रकाश सोनी, गिरधारी लाल भगत्यानी, जितेंद्र त्रिलोकानी, निर्मला दीक्षित, सुधीर भोजवानी, हेमंत भोजवानी, विनोद शीतलानी, प्रमोद महाजन, राहत जहाँ खानम, पूर्व राजा जनक प्रमोद वर्मा, जेठा भाई और परमानंद अवतानी सहित सिंधी समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। इसके अलावा शहर के समाजसेवी, श्रद्धालु और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। आयोजन ने संत साँई कंवर राम के जीवन दर्शन, सामाजिक सद्भाव और मानव सेवा के आदर्शों को याद करने का अवसर प्रदान किया।