गले में माला, सिर पर चांदी का मुकुट और हाथ में तलवार, एमएलसी आकाश अग्रवाल का जोरदार स्वागत

आगरा के बुंदू कटरा स्थित अग्रधाम सेवा सदन में अग्रवाल संगठन सेवला-बुंदू कटरा की ओर से नवनिर्वाचित शिक्षक एमएलसी आकाश अग्रवाल का भव्य स्वागत किया गया। उन्हें 51 किलो की माला पहनाई गई, सिर पर चांदी का मुकुट और जीत की पगड़ी सजाई गई तथा तलवार भेंटकर सम्मानित किया गया। समारोह में आकाश अग्रवाल ने वैश्य समाज की पहचान पुरुषार्थ, धर्मपरायणता और दानशीलता को बताते हुए महाराजा अग्रसेन और भामाशाह के आदर्शों को याद किया।

Nov 2, 2026 - 20:57
 0
गले में माला, सिर पर चांदी का मुकुट और हाथ में तलवार, एमएलसी आकाश अग्रवाल का जोरदार स्वागत
शिक्षक एमएलसी आकाश अग्रवाल का सम्मान और स्वागत करते अग्रवाल संगठन सेवला, बुंदू कटरा के सदस्य।

अग्रवाल संगठन सेवला-बुंदू कटरा ने जीत की खुशी में सजाई सम्मान की महफिल, पगड़ी पहनाकर दी बधाई, आकाश अग्रवाल बोले- वैश्य समाज की पहचान पुरुषार्थ, धर्मपरायणता और दानशीलता

आगरा। शिक्षक एमएलसी चुनाव में जीत हासिल करने के बाद आकाश अग्रवाल का सम्मान और स्वागत का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में अग्रवाल संगठन सेवला, बुंदू कटरा की ओर से बुंदू कटरा स्थित अग्रधाम सेवा सदन में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। समारोह में आकाश अग्रवाल को 51 किलो की विशाल माला पहनाकर, सिर पर चांदी का मुकुट सजाकर और हाथ में तलवार भेंटकर सम्मानित किया गया। इस दौरान महाराजा अग्रसेन के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

कार्यक्रम का शुभारंभ एमएलसी आकाश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद संगठन के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। संगठन के संरक्षक भगवान दास बंसल और अध्यक्ष दिनेश बंसल ने आकाश अग्रवाल के सिर पर जीत की पगड़ी सजाकर उन्हें चुनावी सफलता की शुभकामनाएं दीं। वहीं दिनेश अग्रवाल, रमेशचंद मित्तल और संजय सिंघल ने चांदी का मुकुट पहनाकर उनका अभिनंदन किया। डॉ. सुरेश चंद सिंघल और सुशील कुमार अग्रवाल ने उन्हें तलवार भेंट की। 51 किलो की विशाल माला पहनाकर किए गए स्वागत ने समारोह को खास बना दिया।

वैश्य समाज की पहचान पुरुषार्थ और दानशीलता

सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए एमएलसी आकाश अग्रवाल ने कहा कि गीता का संदेश है कि मनुष्य को कर्म करते रहना चाहिए, फल ईश्वर के हाथ में होता है। वैश्य समाज की पहचान पुरुषार्थ, धर्मपरायणता और दानशीलता से है। समाज हमेशा सेवा और सहयोग के कार्यों में आगे रहता है। उन्होंने कहा कि वैश्य समाज की गौरवशाली परंपरा भामाशाह जैसे महापुरुषों से जुड़ी है, जिन्होंने देशहित में अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया था।

आकाश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन के विचारों का उल्लेख करते हुए कहा कि समाजवाद और परस्पर सहयोग की भावना को आगे बढ़ाने में अग्रसेन जी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके आदर्श आज भी समाज को एकता, समानता और सेवा का संदेश देते हैं। समाज की एकजुटता और सेवा भावना ही उसकी सबसे बड़ी ताकत है।

संगठन की गतिविधियों पर डाला प्रकाश

कार्यक्रम में संदीप मित्तल और राजेश मित्तल ने मंचासीन अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने संगठन की सामाजिक और रचनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि संगठन समाज को एकजुट रखने और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। समारोह में उपस्थित लोगों ने आकाश अग्रवाल को जीत की बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन एडवोकेट दिनेश अग्रवाल और जगदीश मित्तल ने किया। इस अवसर पर आकाश अग्रवाल के पिता, उनके भाई सीपी अग्रवाल, सतीश गर्ग, संजीव मित्तल, शुभम सिंघल, अनिल मित्तल, डॉ. सुरेश चंद सिंघल, दीनदयाल मित्तल, राकेश गोयल, चंद्रमोहन जिंदल, रमेशचंद मित्तल, राजेश बंसल, अशोक गोयल, मनमोहन गोयल सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।