सपा के घोषणा पत्र में शामिल होंगे आगरा-मथुरा के स्थानीय मुद्दे, दोनों शहरों के लिए अलग-अलग तैयार होंगे घोषणा पत्र; जनता से मांगे सुझाव
आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने आगरा और मथुरा के स्थानीय मुद्दों को पार्टी के घोषणा पत्र में जगह देने की पहल की है। पार्टी दोनों शहरों के लिए अलग-अलग स्थानीय घोषणा पत्र तैयार कर रही है। इसके लिए आगरा और मथुरा की जनता, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों से समस्याओं एवं विकास संबंधी सुझाव मांगे गए हैं। पार्टी की इस पहल का उद्देश्य स्थानीय जरूरतों और जनता की अपेक्षाओं को राष्ट्रीय स्तर पर चुनावी एजेंडे का हिस्सा बनाना है।
समाजवादी पार्टी के महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास की ओर से जारी अपील में कहा गया है कि घोषणा पत्र केवल चुनावी वादों का दस्तावेज नहीं होना चाहिए, बल्कि जनता की आवाज और उसके अधिकारों का संकल्प होना चाहिए। आगरा और मथुरा जैसे ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व वाले शहरों की समस्याएं और विकास की प्राथमिकताएं अलग-अलग हैं। इसलिए दोनों के लिए अलग स्थानीय घोषणा पत्र तैयार करने का निर्णय लिया गया है।
आगरा की समस्याओं का उल्लेख करते हुए श्री अब्बास ने साफ पानी, सीवर व्यवस्था, जलभराव, टूटी सड़कें, यातायात अव्यवस्था, स्मार्ट सिटी परियोजना की बदहाली, प्रदूषण और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। इसके अलावा व्यापारियों की समस्याओं और पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी चुनौतियों को भी घोषणा पत्र में शामिल करने की बात कही गई है।
वहीं, मथुरा की स्थानीय समस्याओं और आवश्यकताओं को अलग से चिह्नित कर उनके समाधान के लिए सुझाव जुटाए जाएंगे। पार्टी का मानना है कि दोनों शहरों का विकास वहां की जनता की राय और वास्तविक जरूरतों के आधार पर होना चाहिए।
श्री अब्बास ने आगरा के लोगों से अपने सुझाव और समस्याएं पार्टी तक पहुंचाने का आग्रह किया है। इसमें व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं, किसानों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी पर विशेष जोर दिया गया है।
पार्टी की इस पहल का घोषित लक्ष्य आगरा की आवाज को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय घोषणा पत्र में मजबूती से शामिल करना है।