न्यूयॊर्क में निकली भूतों की रोमांचक परेड, डरावने चेहरों को देखने के लिए उमड़े लाखों लोग, जर्सी सिटी में भी दिखे हेलोवीन के अनोखे रंग

अमेरिका में 31 अक्टूबर को मनाए जाने वाले हैलोवीन का जर्सी सिटी और न्यूयॉर्क में भव्य नजारा देखने को मिला। जर्सी सिटी के ग्रोव स्ट्रीट पर बच्चों ने डरावनी और रंग-बिरंगी वेशभूषा में ‘ट्रिक ऑर ट्रीट’ परंपरा के तहत दुकानों से कैंडी और चॉकलेट जुटाईं। वहीं, न्यूयॉर्क के सिक्स्थ एवेन्यू पर 53वीं विलेज हैलोवीन परेड में विशाल कठपुतलियों, अनोखी वेशभूषा, संगीत और नृत्य ने हजारों प्रतिभागियों और दर्शकों को आकर्षित किया। प्राचीन सेल्टिक परंपरा से जुड़ा यह उत्सव आज अमेरिका में बच्चों, परिवारों और समुदाय के सामूहिक उल्लास का प्रतीक बन चुका है।  

Nov 1, 2026 - 23:41
 0
न्यूयॊर्क में निकली भूतों की रोमांचक परेड, डरावने चेहरों को देखने के लिए उमड़े लाखों लोग, जर्सी सिटी में भी दिखे हेलोवीन के अनोखे रंग
न्यूयॊर्क में सिक्स्थ एवेन्यू पर शनिवार की शाम निकली हेलोवीन परेड की एक झलक।

परेड में भूतों की वेशभूषा धारण कर शामिल हुए लोगों की कुछ तस्वीरें।

-जर्सी सिटी-न्यूयॊर्क से एसपी सिंह-

जर्सी सिटी/न्यूयॉर्क। अमेरिका में हैलोवीन का नाम तो पहले भी सुना था, लेकिन 31 अक्टूबर को जर्सी सिटी और न्यूयॉर्क की सड़कों पर इसका जो रंग देखने को मिला, वह अपने आप में एक अनूठा अनुभव था। दिन में जर्सी सिटी के ग्रोव स्ट्रीट स्थित पैदल यात्री प्लाजा पर बच्चों की चहल-पहल, दुकानों से बांटी जा रही टॉफियां और कैंडी, भूतों तथा डरावनी आकृतियों की वेशभूषा में घूमते लोग और शाम को न्यूयॉर्क के सिक्स्थ एवेन्यू पर निकली भव्य हैलोवीन परेड ने इस उत्सव की लोकप्रियता का अहसास कराया। यहां हैलोवीन केवल डरावनी पोशाकें पहनने या भूतों का रूप धरने का आयोजन नहीं, बल्कि परिवारों, बच्चों और पूरे समुदाय के साथ खुशियां बांटने का अवसर भी है।

जर्सी सिटी के ग्रोव स्ट्रीट स्थित पैदल यात्री प्लाजा पर हेलोवीन उत्सव की एक झलक। 

दिन की शुरुआत जर्सी सिटी के डाउनटाउन इलाके में ग्रोव स्ट्रीट के पैदल यात्री प्लाजा से हुई। पूरा इलाका उत्सवी माहौल में नजर आया। दुकानों और प्रतिष्ठानों के बाहर बच्चों की भीड़ थी। दुकानदार बच्चों को टॉफियां और तरह-तरह की कैंडी बांट रहे थे। बच्चे रंग-बिरंगी और डरावनी पोशाकों में पहुंचे थे। कोई भूत बना था, तो कोई किसी काल्पनिक डरावने किरदार के रूप में दिखाई दे रहा था। कई बड़े भी इस उत्सव में बच्चों से पीछे नहीं थे। चेहरे पर डरावने मुखौटे, अनोखी वेशभूषा और सजावट ने सामान्य बाजार को एक अलग ही दुनिया में बदल दिया था।

यहां एक खास परंपरा देखने को मिली, जिसे 'ट्रिक ऑर ट्रीट' कहा जाता है। इसमें बच्चे अलग-अलग वेशभूषा पहनकर दुकानों और घरों के दरवाजों पर जाते हैं और 'ट्रिक ऑर ट्रीट' कहकर कैंडी मांगते हैं। दुकानदार और घरों के लोग उन्हें मिठाइयां और चॉकलेट देते हैं। जर्सी सिटी के इस आयोजन में भी बच्चों के चेहरों पर कैंडी पाने की खुशी साफ दिखाई दे रही थी। परिवारों के साथ आए बच्चों के लिए यह दिन खेल, मनोरंजन और मिठास से भरा उत्सव बन गया था।

क्या है हैलोवीन और क्यों मनाया जाता है?

हैलोवीन हर साल 31 अक्टूबर को मनाया जाता है। इसकी जड़ें यूरोप के प्राचीन सेल्टिक समुदाय के 'सम्हेन' (Samhain) नामक उत्सव से जुड़ी मानी जाती हैं। यह फसल कटाई के मौसम के अंत और सर्दियों की शुरुआत का प्रतीक था। उस समय मान्यता थी कि इस रात जीवित लोगों और आत्माओं की दुनिया के बीच की दूरी कम हो जाती है। बुरी आत्माओं से बचने के लिए लोग आग जलाते और डरावने रूप धारण करते थे।

बाद में ईसाई परंपरा में एक नवंबर को 'ऑल सेंट्स डे' यानी सभी संतों को याद करने का दिन माना गया। इससे पहले की रात को 'ऑल हैलोज ईव' कहा गया, जो आगे चलकर हैलोवीन कहलाने लगी। समय के साथ इसकी परंपराएं बदलती गईं और आज यह अमेरिका सहित कई देशों में बच्चों और परिवारों का लोकप्रिय सांस्कृतिक उत्सव बन गया है। डरावनी वेशभूषा, कद्दू से बने चेहरे, सजावट, पार्टियां और बच्चों का घर-घर जाकर कैंडी मांगना इसकी पहचान बन चुके हैं।

न्यूयॉर्क के सिक्स्थ एवेन्यू पर परेड का विराट नजारा

दिन में जर्सी सिटी के उत्सव का अनुभव लेने के बाद शाम को न्यूयॉर्क शहर के सिक्स्थ एवेन्यू पर हैलोवीन परेड देखने का मौका मिला। यहां का दृश्य बिल्कुल अलग स्तर का था। सड़क के दोनों ओर दर्शकों की लाखों की भीड़ और बीच में आगे बढ़ती रंग-बिरंगी परेड। विशाल कठपुतलियां, विचित्र और कल्पनाशील वेशभूषा में कलाकार, संगीत की धुनों पर थिरकते समूह और अलग-अलग रूपों में सजे प्रतिभागी इस आयोजन को भव्य बना रहे थे।

किसी ने कंकाल का रूप धारण किया था, तो कोई भूत, चुड़ैल या किसी काल्पनिक जीव की वेशभूषा में था। कई पोशाकें इतनी कलात्मक और अनोखी थीं कि उन्हें देखकर लगता था मानो कल्पनाओं की दुनिया सड़क पर उतर आई हो। संगीत, नृत्य और विशाल कठपुतलियों के साथ आगे बढ़ती परेड को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। दर्शकों के उत्साह और प्रतिभागियों की रचनात्मकता ने पूरे इलाके को उत्सवस्थल में बदल दिया।

न्यूयॉर्क की यह प्रसिद्ध 'विलेज हैलोवीन परेड' इस वर्ष अपना 53वां आयोजन कर रही थी। सिक्स्थ एवेन्यू पर कैनाल स्ट्रीट से शुरू होकर 15वीं स्ट्रीट तक जाने वाली इस परेड में हजारों प्रतिभागियों के साथ विशाल कठपुतलियां, संगीत बैंड, नर्तक और कलाकार शामिल हुए। इस वर्ष इसकी थीम 'बॉडी एंड सोल' रखी गई थी।

अमेरिका में हैलोवीन की परंपराओं को करीब से देखना खास अनुभव रहा। दिन में जर्सी सिटी में बच्चों को कैंडी बांटते दुकानदारों और शाम को न्यूयॉर्क की भव्य परेड तक, हर जगह उत्सव में लोगों की भागीदारी दिखाई दी। एक ओर बच्चों की मासूम खुशी थी, तो दूसरी ओर वयस्कों की रचनात्मकता और कल्पनाशीलता। हैलोवीन ने यह भी दिखाया कि यहां त्योहार केवल घरों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि सड़कें, बाजार और सार्वजनिक स्थल भी सामुदायिक उत्सव का हिस्सा बन जाते हैं।

SP_Singh AURGURU Editor