2027 की तैयारी में जुटा भाजपा महिला मोर्चा, बूथ स्तर तक मातृशक्ति को जोड़ने का लक्ष्य, आगरा में ब्रज क्षेत्र की समन्वय बैठक में संगठन मजबूत करने पर जोर
आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के मद्देनजर भाजपा महिला मोर्चा ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और महिलाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसी क्रम में रविवार को जयपुर हाउस स्थित आगरा महाजन भवन में महिला मोर्चा ब्रज क्षेत्र की समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी तथा राज्यसभा सांसद डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठनात्मक तैयारियों पर चर्चा हुई।

बैठक में मौजूद महिला मोर्चा की पदाधिकारी और सदस्याएं।
रविवार सुबह 11 बजे आयोजित बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश सह प्रभारी डॉ. मेधा कुलकर्णी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सरोज कुशवाहा और ब्रज क्षेत्र महिला मोर्चा अध्यक्ष चंद्रेश गुप्ता शामिल हुईं।
मंचासीन अतिथियों में कैबिनेट मंत्री श्रीमती बेबी रानी मौर्य, उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य श्रीमती निर्मला दीक्षित, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया, आगरा की महापौर श्रीमती हेमलता दिवाकर कुशवाहा, प्रदेश उपाध्यक्ष अपराजिता, निधि चतुर्वेदी, मैनपुरी की चेयरमैन संगीता, मैनपुरी की जिला पंचायत अध्यक्ष अर्चना और प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा रश्मि धाकड़ शामिल रहीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। जिला अध्यक्ष श्रीमती मनीषा सिंह और महानगर अध्यक्ष श्रीमती अपूर्वा सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
जिला अध्यक्ष मनीषा सिंह ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जिला और मंडल स्तर की महिला कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करना इस बैठक का मुख्य उद्देश्य है।
मुख्य अतिथि डॉ. मेधा कुलकर्णी ने कहा कि महिला मोर्चा संगठन की रीढ़ है। बूथ स्तर तक मातृशक्ति को जोड़कर वर्ष 2027 के लिए संगठन को और अधिक सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी सक्रियता के साथ संगठनात्मक गतिविधियों में जुटने का आह्वान किया।
प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सरोज कुशवाहा ने कहा कि ब्रज क्षेत्र की महिलाओं ने हमेशा संगठन को मजबूती प्रदान की है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से लेकर उज्ज्वला योजना और लखपति दीदी जैसी योजनाओं ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इन योजनाओं और उनके लाभों की जानकारी अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाई जानी चाहिए।
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष चंद्रेश गुप्ता ने कहा कि महिला मोर्चा की सभी कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की महिला कल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभानी होगी।
बैठक में भाजपा की वरिष्ठ कार्यकर्ता उपमा गुप्ता, रंजन पवार, सुनीता सारस्वत, हेमलता अग्रवाल, प्रवीण राजावत और पंकजा शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। आगरा जिले से प्रतिमा राणा, भावना वरदान शर्मा, आशा अग्रवाल, अनुपम चौहान, सरिता गुप्ता और पूजा शर्मा अपनी टीम के साथ उपस्थित रहीं।
बैठक में बड़ी संख्या में भाजपा महिला मोर्चा की पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। समापन पर कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पुनः भाजपा की जीत सुनिश्चित करने और प्रदेश में भगवा लहराने के संकल्प को दोहराया।