खादी ने बदला फैशन का अंदाज, ब्रजरज उत्सव के रैंप पर परंपरा और आधुनिकता की जुगलबंदी, आठ राउंड में मॉडलों ने दिखाए आकर्षक परिधान
मथुरा। ब्रजरज उत्सव-2026 में रविवार को खादी का आधुनिक और ग्लैमरस अंदाज देखने को मिला। उत्तर प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से आयोजित फैशन शो में मॉडलों ने आठ अलग-अलग राउंड में खादी से तैयार आकर्षक परिधानों का प्रदर्शन किया। युवाओं की पसंद और मौजूदा फैशन ट्रेंड के अनुरूप डिजाइन किए गए परिधानों ने दर्शकों का ध्यान खींचा। रैंप पर परंपरा और आधुनिकता के इस संगम ने साबित किया कि खादी अब पारंपरिक पहनावे तक सीमित नहीं, बल्कि आधुनिक फैशन की भी प्रभावशाली पहचान बन रही है।

मथुरा के धौली प्याऊ स्थित रेलवे ग्राउंड में आयोजित फैशन शो का शुभारंभ उत्तर प्रदेश व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग, जिला उपाध्यक्ष मनीषा पराशर, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. पूजा गुप्ता, जिला विकास अधिकारी गरिमा खरे, खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड के उपमुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव त्यागी, ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपमुख्य कार्यपालक अधिकारी सतीश चंद्र, ग्रामोद्योग प्रबंधक नीतू यादव तथा कार्यक्रम संयोजक जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कुमार की उपस्थिति में हुआ। एकता जैन और सुजल जैन भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।
फैशन शो में आधुनिक फैशन डिजाइनरों की परिकल्पना के अनुरूप तैयार खादी के परिधानों को रैंप पर प्रस्तुत किया गया। आठ राउंड में मॉडलों ने अलग-अलग रंगों, डिजाइनों और स्टाइल के परिधान प्रदर्शित किए। विशेष रूप से युवाओं की रुचि और बदलते फैशन ट्रेंड को ध्यान में रखकर तैयार की गई ड्रेसेज आकर्षण का केंद्र रहीं। खादी की प्राकृतिक गुणवत्ता, सादगी और पर्यावरण अनुकूल विशेषताओं को आधुनिक डिजाइन के साथ जोड़कर प्रस्तुत किया गया।
जिला ग्रामोद्योग अधिकारी अनिल कुमार ने बताया कि फैशन शो का उद्देश्य प्रधानमंत्री के 'खादी फॉर नेशन, खादी फॉर फैशन' संदेश और 'वोकल फॉर लोकल' की भावना को प्रोत्साहित करना है। खादी को आधुनिक फैशन फैब्रिक के रूप में स्थापित करने के लिए विभाग ब्रांडिंग, व्यापक प्रचार-प्रसार और डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से इसकी बिक्री को बढ़ावा दे रहा है।
उन्होंने बताया कि खादी कारीगरों, संस्थाओं और ग्रामोद्योग उद्यमियों को डिजाइन, प्रोसेसिंग, उद्यमिता, ब्रांडिंग और मार्केटिंग का प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि उनके उत्पादों को आधुनिक बाजार की मांग के अनुरूप तैयार कर व्यापक पहचान दिलाई जा सके।
ब्रजरज उत्सव में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से दस खादी स्टॉल भी लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर खादी के उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन और बिक्री की जा रही है। इसके साथ ही ग्रामोद्योग से जुड़े उद्यमियों को अपने उत्पादों के प्रचार और विपणन के लिए मंच उपलब्ध कराया गया है।
फैशन शो के माध्यम से खादी को नई पीढ़ी और आधुनिक बाजार से जोड़ने के साथ स्वदेशी वस्त्रों को फैशन की मुख्यधारा में स्थापित करने का संदेश दिया गया।