पथौली में 200 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, नि:शुल्क दवाइयां बांटीं, 10 मरीजों के आंखों के ऑपरेशन में मिलेगी छूट

आगरा। दिव्य सेवा ट्रस्ट, आगरा की ओर से रविवार को ग्राम पथौली, फतेहपुर सीकरी रोड पर नि:शुल्क चिकित्सा जांच एवं दवा वितरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 200 ग्रामीणों के स्वास्थ्य की जांच कर उन्हें नि:शुल्क दवाइयां वितरित की गईं। वहीं, आंखों के ऑपरेशन की जरूरत वाले 10 मरीजों को ऑपरेशन में 50 प्रतिशत की छूट देने की व्यवस्था की गई।

Nov 1, 2026 - 22:35
 0
पथौली में 200 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच, नि:शुल्क दवाइयां बांटीं, 10 मरीजों के आंखों के ऑपरेशन में मिलेगी छूट
पथौली में दिव्य सेवा ट्रस्ट द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर में गांववासियों के साथ मौजूद डॊ. अलका सेन और अन्य। 

दिव्य सेवा ट्रस्ट, आगरा (स्थापना वर्ष 2017) की ओर से जनहित में आयोजित इस एक दिवसीय चिकित्सा शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि फ्लाइंग ऑफिसर मोहन सिंह ने किया। शिविर का आयोजन चौधरी सत्यवीर सिंह (पूर्व प्रधान) के हाट वाली गली, पथौली स्थित आवास पर सुबह 10 बजे से किया गया।

शिविर में डॉ. अलका सेन, डॉ. संजय सेन, डॉ. मीरा, डॉ. अनिल सारस्वत, डॉ. सपना और डॉ. शिवांकर सेन ने ग्रामीणों को चिकित्सा सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया और नि:शुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में ट्रस्ट के संरक्षक संतोष कुमार कुलश्रेष्ठ और शिविर व्यवस्थापक चौधरी सत्यवीर सिंह की विशेष भूमिका रही। ट्रस्ट के पदाधिकारी सौरभ कुलश्रेष्ठ, चंद्रशेखर शर्मा, आचार्य सुशील कुलश्रेष्ठ, यशवीर सिंह, जगदीश शर्मा और रमेश सक्सेना सहित अन्य लोगों ने सहयोग किया। क्षेत्र के गणमान्य नागरिक भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।

ट्रस्ट की अध्यक्ष डॉ. अलका सेन ने बताया कि दिव्य सेवा ट्रस्ट, आगरा वर्ष 2017 से स्वास्थ्य, शिक्षा, साहित्य, सामाजिक और सांस्कृतिक सेवाओं के क्षेत्र में निःस्वार्थ भाव से कार्य कर रहा है। ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।

SP_Singh AURGURU Editor