आगरा कॉलेज बना यूनिफेस्ट-2026-27 का ओवरऑल चैंपियन, 69 अंक के साथ जीती जितेंद्र रघुवंशी चल वैजयंती ट्रॉफी
आगरा। डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की अंतरमहाविद्यालयीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता यूनिफेस्ट-2026-27 में आगरा कॉलेज ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीत लिया। तीन दिवसीय प्रतियोगिता में विभिन्न सांस्कृतिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने कुल 69 अंक हासिल किए और प्रतिष्ठित ‘जितेंद्र रघुवंशी चल वैजयंती ट्रॉफी’ अपने नाम कर ली।
विश्वविद्यालय परिसर में 30 और 31 अक्टूबर तथा 1 नवंबर 2026 को आयोजित यूनिफेस्ट में आगरा कॉलेज के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग किया। अलग-अलग स्पर्धाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर कॉलेज ने प्रथम स्थान प्राप्त कर विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा और रचनात्मक क्षमता का परिचय दिया।
इस उपलब्धि पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सी. के. गौतम ने विजेता छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की प्रतिभा, कठिन परिश्रम, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। इसमें शिक्षकों के सामूहिक प्रयासों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने सांस्कृतिक समिति के सदस्यों के समर्पण और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा से महाविद्यालय का गौरव विश्वविद्यालय स्तर पर बढ़ाया है।
इस शानदार सफलता में आगरा कॉलेज की सांस्कृतिक समिति का विशेष योगदान रहा। समिति की प्रो. शेफाली चतुर्वेदी, प्रो. रीता देव और प्रो. रीता निगम ने विद्यार्थियों की तैयारी, अभ्यास और मार्गदर्शन की जिम्मेदारी संभाली। उनके कुशल निर्देशन और निरंतर प्रोत्साहन से विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
आगरा कॉलेज की इस उपलब्धि से महाविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं में खुशी का माहौल है। महाविद्यालय परिवार ने विजेता विद्यार्थियों और सांस्कृतिक समिति के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यूनिफेस्ट में मिली यह सफलता आगरा कॉलेज की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ-साथ सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियों में उसकी सक्रिय भागीदारी को भी रेखांकित करती है।