बरेली में कल भाजपा का 25 हजार कार्यकर्ताओं के साथ शक्ति प्रदर्शन, जेपी नड्डा, केशव मौर्य और सुरेश खन्ना होंगे शामिल
-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले भारतीय जनता पार्टी ने ब्रज क्षेत्र में संगठनात्मक ताकत दिखाने की तैयारी तेज कर दी है। भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत मंगलवार, 3 नवंबर को बरेली में होने वाली पदयात्रा में करीब 25 हजार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों के जुटने का लक्ष्य रखा गया है। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना सहित कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे। पदयात्रा की तैयारियों की कमान भाजपा ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरनलाल लोधी ने संभाल ली है।
पूरनलाल लोधी ने सोमवार को बताया कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा तीन नवंबर को दोपहर 12 बजे विमान से बरेली पहुंचेंगे और करीब साढ़े तीन बजे विमान से दिल्ली लौट जाएंगे। पदयात्रा में ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों से लगभग 25 हजार कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की गई है।
पदयात्रा में ब्रज क्षेत्र प्रभारी, प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य गीता शाक्य भी शामिल होंगी। यात्रा स्वयंवर बारातघर से शुरू होकर बांके बिहारी मंदिर होते हुए छत्रपति शिवाजी चौक पहुंचेगी। यहां छत्रपति शिवाजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया जाएगा। इसके बाद पदयात्रा शहीद पंकज अरोड़ा चौक पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
करीब 2.15 किलोमीटर लंबी इस पदयात्रा में ब्रज क्षेत्र के 19 जिलों के 65 विधानसभा क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व रहेगा। भाजपा इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की ताकत और कार्यकर्ताओं की सक्रियता प्रदर्शित करने वाले बड़े आयोजन के रूप में देख रही है।
शाहजहांपुर की बैठक में बनी रणनीति
पदयात्रा की तैयारियों के सिलसिले में रविवार को शाहजहांपुर में भाजपा की बरेली क्लस्टर की संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में ब्रज क्षेत्र प्रभारी पूरनलाल लोधी ने संगठन की एकजुटता और अभियान की सफलता पर जोर दिया। संगठन महामंत्री धर्मपाल ने संगठन की मजबूती, अनुशासन और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।
राज्यसभा सांसद गीता शाक्य ने महिलाओं की सहभागिता बढ़ाने और जनसंपर्क मजबूत करने पर बल दिया। बरेली सांसद छत्रपाल गंगवार ने अभियान को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया, जबकि बरेली के महापौर उमेश गौतम ने संगठनात्मक समन्वय पर जोर दिया।
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय शाक्य, प्रदेश मंत्री सुभाषिनी जायसवाल और महापौर अर्चना वर्मा भी उपस्थित रहीं। बैठक में पदयात्रा को सफल बनाने के लिए संगठनात्मक तैयारियों और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई।
पूरनलाल लोधी ने बताया कि ब्रज क्षेत्र के विभिन्न जिलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को आयोजन की सफलता के लिए अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
उधर, पूर्व शिक्षा निदेशक महेंद्र देव ने भी सोमवार को बताया कि मंगलवार को बरेली में होने वाली भाजपा की पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी की जा रही है।