18 साल की सेवा यात्रा पर हेल्प आगरा का नया कदम, वेबसाइट लॉन्च कर जरूरतमंदों के लिए मदद का रास्ता बनाया आसान

आगरा। चिकित्सा एवं सामाजिक सेवा के क्षेत्र में सक्रिय संस्था हेल्प आगरा ने अपनी स्थापना के 18 वर्ष पूरे होने पर 19वें स्थापना दिवस के अवसर पर शहरवासियों को नई सुविधा की सौगात दी। संस्था ने मंगलवार को मोती कटरा स्थित हेल्प आगरा भवन में अपनी वेबसाइट लॉन्च की। इसका उद्देश्य जरूरतमंद लोगों तक संस्था की सेवाओं की जानकारी आसानी से पहुंचाना और सहायता प्राप्त करने की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सहज बनाना है। वेबसाइट का लोकार्पण संस्था के पदाधिकारियों ने किया।

Nov 3, 2026 - 20:53
 0
18 साल की सेवा यात्रा पर हेल्प आगरा का नया कदम, वेबसाइट लॉन्च कर जरूरतमंदों के लिए मदद का रास्ता बनाया आसान
हेल्प आगरा के स्थापना दिवस पर मंगलवार को मोती कटरा स्थित हेल्प आगरा भवन में हुई बैठक में संस्था की आगामी योजनाओं के बारे में बताते महामंत्री गौतम सेठ। मौजूद हैं अन्य पदाधिकारी।

संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि वेबसाइट पर हेल्प आगरा की विभिन्न सेवाओं और गतिविधियों की विस्तृत जानकारी उपलब्ध रहेगी। इससे जरूरतमंद लोगों को संस्था की सेवाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने में आसानी होगी और वे सुविधाओं का लाभ अधिक सरलता से उठा सकेंगे।

स्थापना दिवस समारोह में संस्था के दिवंगत संस्थापक सदस्यों ओमप्रकाश अग्रवाल चांदी वाले, आजाद मोहन अग्रवाल, श्रीमती प्रवीण पटनी और हरिशंकर गोयल को श्रद्धापूर्वक याद किया गया। पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनके चित्रों पर माल्यार्पण कर संस्था की स्थापना और सेवा यात्रा में उनके योगदान को स्मरण किया।

संस्था के महासचिव गौतम सेठ ने पिछले ढाई वर्षों के दौरान किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने संस्था की संख्यात्मक एवं आर्थिक सेवा संबंधी उपलब्धियों और उल्लेखनीय गतिविधियों की जानकारी दी। उनके प्रस्तुतिकरण का उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से स्वागत किया।

संस्था के अध्यक्ष सुरेंद्र जैन ने कहा कि हेल्प आगरा ने बहुत कम समय में चिकित्सा सेवा के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। संस्था भविष्य में भी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ सेवा कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पित है। उन्होंने कहा कि हेल्प आगरा की 18 वर्षों की यात्रा संस्थापकों, वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों, दानदाताओं तथा प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी लोगों के मार्गदर्शन और योगदान का परिणाम है। उन्होंने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष अजय मित्तल, विशेष बंसल, नरेश जैन, नवीन अरोड़ा, राजीव गुप्ता, विजय गोयल, डॉ. मोहित, मनीष गर्ग और नंदकिशोर गोयल सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor