विपक्ष पर हमलावर भाजपा की बरेली में ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा, नड्डा बोले- हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग को ठहराते हैं जिम्मेदार, जयंत चौधरी और केशव मौर्य ने भी लिया आड़े हाथ
-आरके सिंह- बरेली। भारतीय जनता पार्टी और उसके सहयोगी दलों ने यहां मंगलवार को ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा निकालकर विपक्षी दलों के खिलाफ राजनीतिक मोर्चा खोला। पदयात्रा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री तथा भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, राष्ट्रीय लोकदल अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य सहित भाजपा के वरिष्ठ नेता और विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ता शामिल हुए। पदयात्रा के दौरान नेताओं ने विपक्ष पर लोकतंत्र के नाम पर भ्रम फैलाने, चुनाव आयोग पर सवाल उठाने और किसानों के मुद्दों पर राजनीति करने के आरोप लगाए।

पदयात्रा राजेंद्रनगर स्थित स्वयंवर बरातघर से शुरू हुई। यहां पदयात्रा से पहले जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। इसके बाद पदयात्रा बिहारी मंदिर और शिवाजी चौक होते हुए शहीद पंकज अरोड़ा स्मारक पहुंचकर संपन्न हुई। आयोजन को देखते हुए पदयात्रा मार्ग सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने अपने संबोधन में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष का काम केवल भ्रम फैलाना रह गया है। विपक्ष चुनाव आयोग पर सवाल उठाता है और चुनाव हारने के बाद अपनी हार का ठीकरा ईवीएम तथा चुनाव आयोग पर फोड़ता है। हारने पर चुनाव आयोग को बेईमान बताया जाता है।
नड्डा ने राहुल गांधी को आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि आज कांग्रेस नेता लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं, जबकि कांग्रेस शासनकाल में देश ने आपातकाल का दौर देखा है। उस समय लोकतांत्रिक अधिकारों की बात करने वालों की आवाज तक नहीं सुनी जाती थी। उन्होंने अपना अनुभव साझा करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान उन्हें कक्षा से ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उन्हें कई बार जेल भी जाना पड़ा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने वोट चोरी का रिकॉर्ड बनाया है। बांग्लादेशियों के वोट बनवाकर चुनाव जीतने का काम किया जाता रहा है और अब ऐसे वोट हटाए जा रहे हैं तो विरोध किया जा रहा है। नड्डा ने कहा कि एसआईआर का मुद्दा उठाकर राहुल गांधी ने मधुमक्खी के छत्ते में हाथ डाल दिया है। घुसपैठिये देश नहीं चलाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जनता धिक्कार रही है और इस बार भी उसे करारा जवाब मिलेगा। थके-हारे नेता लोगों को बरगलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका जवाब देना जरूरी है।
विपक्षियों को किसानों की समस्याओं की जानकारी तक नहीं-जयंत चौधरी
राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने विपक्ष पर किसानों की समस्याओं की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को किसानों की समस्याओं और उनकी जरूरतों की जानकारी तक नहीं है। समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेताओं ने कभी किसानों के बीच जाकर उनकी समस्याएं उठाने का काम नहीं किया।
जयंत चौधरी ने कहा कि आज विपक्ष इथेनॉल का विरोध कर रहा है, लेकिन गन्ना किसानों को लाभकारी मूल्य दिलाने के मुद्दे पर उसकी आवाज नहीं सुनाई देती। उन्होंने विपक्ष की किसान नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसानों के हितों की बात करने वाले दलों को उनकी वास्तविक समस्याओं पर भी बोलना चाहिए।
माफियाराज और गुंडागर्दी को नकार चुकी है यूपी की जनता-मौर्य
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए विपक्षी दलों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश दंगा मुक्त बना है। कानून-व्यवस्था और पारदर्शी शासन सरकार की प्रमुख पहचान हैं। सरकार बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों के लिए जनकल्याणकारी योजनाएं लागू कर रही है।
मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर मुस्लिम तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति करने का आरोप लगाया। अखिलेश यादव और विपक्षी दलों की ओर से बरेली से जुड़े मुद्दों पर की जा रही राजनीति को उन्होंने नौटंकी और बचकाना कदम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता माफियाराज और गुंडागर्दी को पूरी तरह नकार चुकी है। आगामी चुनावों में विपक्ष का सफाया तय है।
उपमुख्यमंत्री ने भाजपा कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं और स्थानीय कार्यकर्ताओं से जिले के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील भी की।
पदयात्रा में भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, क्षेत्रीय अध्यक्ष पूरन लाल लोधी, राज्यसभा सांसद श्रुति गंगवार, महापौर डॉ. उमेश गौतम, उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और मंत्री धर्मपाल सिंह सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी मौजूद रहे। विभिन्न जिलों से आए भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी पदयात्रा में भाग लिया।