रणबीर की 'रामायण' का आज से सिनेमाघरों में आगाज, रिलीज से पहले 150 करोड़ की एडवांस बुकिंग; सितारों से सजी प्रीमियर नाइट
मुंबई। भारतीय सिनेमा की बहुप्रतीक्षित फिल्मों में शामिल रणबीर कपूर अभिनीत 'रामायण: पार्ट वन' गुरुवार को सिनेमाघरों में दस्तक दे रही है। फिल्म की रिलीज से पहले ही दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्सुकता दिखाई दे रही है। एडवांस बुकिंग के आंकड़ों ने भी फिल्म को लेकर कारोबार जगत की उम्मीदें बढ़ा दी हैं। दुनिया भर में फिल्म की अग्रिम टिकट बिक्री करीब 150 करोड़ रुपये तक पहुंचने की जानकारी सामने आ रही है।

फिल्म रामायण की प्रीमियर नाइट पर मौजूद रणबीर कपूर, साई पल्लवी, फिल्म निर्देशक नितेश तिवारी और अन्य।
फिल्म के विभिन्न भाषाई संस्करणों को लेकर भी दर्शकों की दिलचस्पी सामने आई है। पौराणिक कथा, बड़े सितारों और भव्य निर्माण के मेल के कारण फिल्म को लेकर देश-विदेश में उत्सुकता है। अब निगाहें इसके शुरुआती बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर टिकी हैं।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम की भूमिका निभा रहे हैं, जबकि साई पल्लवी माता सीता और दक्षिण भारतीय अभिनेता यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। सनी देओल को हनुमान की भूमिका में पेश किया गया है। फिल्म का पहला भाग 5 नवंबर को रिलीज हो रहा है। इसका दूसरा भाग 2027 में दिवाली पर प्रदर्शित करने की योजना है।
मुंबई में सितारों का जमावड़ा
फिल्म की रिलीज से पहले मुंबई में विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई, जिसमें बॉलीवुड की कई नामचीन हस्तियां शामिल हुईं। रणबीर कपूर की पत्नी आलिया भट्ट अपनी सास नीतू कपूर के साथ पहुंचीं। सनी देओल, विवेक ओबेरॉय, रकुल प्रीत सिंह, जैकी भगनानी, लारा दत्ता और रवि दुबे सहित कई कलाकारों ने भी कार्यक्रम में शिरकत की।
विशेष स्क्रीनिंग में रणबीर कपूर की मौजूदगी और फिल्म के कलाकारों के जमावड़े ने आयोजन को चर्चा का विषय बना दिया। सोशल मीडिया पर भी प्रीमियर की तस्वीरें और वीडियो खूब साझा किए गए।