दिल्ली में दीपावली के बाद प्रदूषण का कहर, 15 इलाकों में AQI 400 पार, नोएडा-गाजियाबाद भी धुएं की चपेट में

नई दिल्ली। दीपावली के उत्सव और आतिशबाजी के बाद राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा जहरीली हो गई है। सोमवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के लोगों को घनी धुंध और धुएं का सामना करना पड़ा। कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई और वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक सोमवार सुबह 6 बजे दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 366 दर्ज किया गया। यह बेहद खराब श्रेणी में है, लेकिन राजधानी के कई इलाकों में प्रदूषण का स्तर 400 के पार पहुंच गया।

Nov 9, 2026 - 08:26
 0
दिल्ली में दीपावली के बाद प्रदूषण का कहर, 15 इलाकों में AQI 400 पार, नोएडा-गाजियाबाद भी धुएं की चपेट में
Image- Sunil Nagauri Facebook

दीपावली की रात तेजी से बिगड़ी हवा

प्रदूषण का असर दीपावली की शाम से ही दिखाई देने लगा था। रविवार को दिल्ली का औसत एक्यूआई 376 रहा, जबकि शनिवार को यह 369 दर्ज किया गया था। रविवार रात पटाखे जलने के बाद प्रदूषण में तेजी से बढ़ोतरी हुई।

सीपीसीबी के 59 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के अनुसार रविवार रात 10 बजे तक 20 केंद्रों पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई थी। सोनिया विहार में एक्यूआई 463 दर्ज किया गया। इससे पहले रविवार को जहांगीरपुरी में भी 463 का स्तर सामने आया था।

नोएडा और गाजियाबाद में भी बिगड़े हालात

प्रदूषण का असर दिल्ली तक सीमित नहीं रहा। सोमवार सुबह नोएडा के सेक्टर-62 में एक्यूआई 404 दर्ज किया गया। सेक्टर-1 में 324 और सेक्टर-39 में 314 रहा। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-V में 335 एक्यूआई दर्ज किया गया। गाजियाबाद के वसुंधरा में 395, वेव सिटी में 390, लोनी में 377 और इंदिरापुरम में 333 एक्यूआई रहा। इससे स्पष्ट है कि दीपावली के बाद दिल्ली के साथ आसपास के शहरों की हवा भी प्रभावित हुई है।

GRAP-3 लागू, फिर भी नहीं मिली राहत

दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान का तीसरा चरण पहले से लागू है। इसके तहत निर्माण और विध्वंस गतिविधियों पर प्रतिबंध सहित कई सख्त उपाय किए गए हैं। इसके बावजूद प्रदूषण में अपेक्षित कमी नहीं आई।

गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने 2 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में प्रमाणित ग्रीन पटाखों की बिक्री और आतिशबाजी के लिए 7 और 8 नवंबर को सुबह 6 से 7 बजे तथा रात 8 से 10 बजे तक सीमित समय की अनुमति दी थी। अदालत ने 9 नवंबर से फिर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने की बात कही थी। इसके बावजूद दीपावली की रात कई स्थानों पर आतिशबाजी हुई।

अगले कुछ दिन भी राहत की उम्मीद कम

दिल्ली के लिए वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली ने आशंका जताई है कि 9 नवंबर से हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है और अगले कुछ दिनों तक स्थिति खराब बनी रह सकती है। मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां भी प्रदूषण को बढ़ा रही हैं। हवा की रफ्तार कम होने और वायुमंडल में प्रदूषकों के फैलाव की अनुकूल परिस्थितियां नहीं बनने से धूल, धुआं और सूक्ष्म कण वातावरण में जमा हो रहे हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और सांस तथा हृदय संबंधी बीमारियों से परेशान लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। प्रदूषण अधिक रहने के दौरान सुबह और शाम की खुली हवा में व्यायाम से बचने तथा जरूरत पड़ने पर बाहर निकलते समय अच्छी गुणवत्ता वाला मास्क पहनने की सलाह दी गई है।

SP_Singh AURGURU Editor