अमेरिका की धरती पर राममय हुआ एडिसन, दीपावली समारोह में हजारों भारतवंशी झूमे; आसमान में उभरी भगवान राम की डिजिटल आकृति, जय श्रीराम के जयकारों से गूंजा पापियानी पार्क, ट्रंप ने व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में मनाई दीपावली, जलाया पारंपरिक दीया; हनुमान चालीसा भी भेंट की गई
अमेरिका के न्यूजर्सी स्थित एडिसन के पापियानी पार्क में 7 नवंबर को आयोजित दीपोत्सव में हजारों भारतवंशी शामिल हुए। समारोह में भगवान श्रीराम की आकृति वाले ड्रोन शो ने विशेष आकर्षण पैदा किया। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 नवंबर को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के प्रमुख अमेरिकियों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दीपावली मनाई।

एडिसन के दीपावली मिलन समारोह में मौजूद भारतवंशी।
एडिसन (न्यूजर्सी)/वाशिंगटन। अमेरिका के न्यूजर्सी राज्य के एडिसन शहर में शनिवार (7 नवंबर) को भारतीय संस्कृति, परंपरा और दीपावली के उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पापियानी पार्क में आयोजित समारोह में हजारों भारतवंशी शामिल हुए। बॉलीवुड संगीत, भारतीय व्यंजनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच समारोह का मुख्य आकर्षण ड्रोन शो रहा, जिसमें आसमान में भगवान श्रीराम की आकृति उभरते ही पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा। पटेल ब्रदर्स के सहयोग से आयोजित इस दीपोत्सव में एडिसन के मेयर सैम जोशी सहित कई जनप्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। उधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 6 नवंबर 2026 को व्हाइट हाउस के ओवल ऑफिस में भारतीय मूल के प्रमुख अमेरिकियों और अपने प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ दीपावली मनाई।
ओवल ऒफिस में दीवाली समारोह के अवसर पर राष्ट्रपति ट्रंप ने पारंपरिक दीया प्रज्ज्वलित किया। समारोह में भारत के अमेरिकी राजदूत विनय मोहन क्वात्रा, अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो, एफबीआई निदेशक काश पटेल, प्रसिद्ध शेफ विकास खन्ना, आईबीएम के सीईओ अरविंद कृष्णा और माइक्रोन के सीईओ संजय मेहरोत्रा सहित कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

व्हाइट हाउस के ओवल ऒफिस में दीवाली समारोह के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के साथ उद्यमी विशाल गोंडल और अन्य।
भारतीय उद्यमी विशाल गोंडल ने राष्ट्रपति ट्रंप को गोस्वामी तुलसीदास रचित हनुमान चालीसा की एक प्रति भेंट की। गोंडल ने समारोह की तस्वीरें साझा करते हुए इसे भारत-अमेरिका की मित्रता और प्रकाश पर्व की सांस्कृतिक भावना से जुड़ा अवसर बताया।
बॉलीवुड की धुनों पर थिरके भारतवंशी
एडिसन के पापियानी पार्क के विशाल पार्किंग मैदान में आयोजित दीपोत्सव यूं तो अपराह्न से ही शुरू हो गया था, लेकिन शाम होते-होते हजारों लोगों की भीड़ जुट गई। भारतीयों ने परिवार और मित्रों के साथ समारोह में पहुंचकर दीपावली की खुशियां साझा कीं। मंच से गायकों ने बॉलीवुड के लोकप्रिय गीतों की प्रस्तुतियां दीं। हिंदी फिल्मों के चर्चित गानों की धुन पर महिलाएं, पुरुष और बच्चे उत्साह के साथ नाचते-गाते नजर आए।

न्यूजर्सी के एडिसन टाउनशिप के पापियानी पार्क में शनिवार को आयोजित दीपावली समारोह में ड्रोन शो के दौरान उभारी गई भगवान श्रीराम की आकृति।
अमेरिका में जन्मे और पले-बढ़े भारतीय मूल के बच्चों में भी भारतीय संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। समारोह का माहौल ऐसा था, मानो अमेरिका की धरती पर भारत का कोई बड़ा उत्सव साकार हो उठा हो।
भारतीय व्यंजनों और खरीदारी के स्टालों पर उमड़ी भीड़
दीपावली समारोह में खान-पान के लिए विशेष स्टाल लगाए गए थे। भारतीय व्यंजनों की खुशबू लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही थी। भारतवंशियों ने चाट, स्नैक्स और अन्य पारंपरिक भारतीय व्यंजनों का आनंद लिया। खान-पान के साथ विभिन्न प्रकार के सामान के स्टाल भी लगाए गए थे।
गर्म कपड़ों की दुकानों पर भी लोगों की अच्छी खासी भीड़ दिखाई दी। सर्दियों की तैयारियों के बीच लोगों ने जैकेट, स्वेटर और अन्य गर्म कपड़ों की खरीदारी की। परिवारों के लिए यह आयोजन केवल मनोरंजन का अवसर नहीं, बल्कि भारतीय बाजारों और मेलों जैसा अनुभव भी लेकर आया।
ड्रोन से आसमान में उभरी भगवान राम की आकृति, गूंजे जय श्रीराम के जयकारे





एडिसन के दीपावली मिलन समारोह में ड्रोन शो की कुछ आकृतियां।
समारोह का सबसे रोमांचक और भावनात्मक क्षण रात के समय आया। जैसे ही ड्रोन शो शुरू हुआ, आसमान में रोशनी की अद्भुत आकृतियां बनने लगीं। आधुनिक तकनीक के जरिए भगवान श्रीराम की धनुष से बाण छोड़ती छवि के साथ दीपावली और भारतीय संस्कृति से जुड़ी कई आकर्षक आकृतियां प्रदर्शित की गईं।
आसमान में भगवान राम की छवि दिखाई देते ही समारोह में मौजूद भारतवंशियों का उत्साह चरम पर पहुंच गया। पूरा मैदान जय श्रीराम और सियावर रामचंद्र की जय के नारों से गूंज उठा। अमेरिका की धरती पर भारतीय धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का यह दृश्य लोगों के लिए बेहद भावुक और गौरवपूर्ण रहा। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक सभी ने मोबाइल कैमरों में इस अद्भुत दृश्य को कैद किया।
आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान
ड्रोन शो के बाद आसमान में शानदार आतिशबाजी की गई। रंग-बिरंगी रोशनी से पूरा आकाश जगमगा उठा। आतिशबाजी के दौरान मैदान में मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर खुशी जाहिर की। बच्चों और परिवारों के लिए यह समारोह का सबसे यादगार हिस्सा रहा।
मैदान में मौजूद भारतीय परिवार एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं देते रहे। लंबे समय से अमेरिका में रह रहे भारतवंशियों के लिए यह आयोजन अपनी जड़ों, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का विशेष अवसर बना।

एडिसन के दीपावली मिलन समारोह में हुई आतिशबाजी की एक झलक।
मेयर सैम जोशी सहित जनप्रतिनिधियों ने की शिरकत
पटेल ब्रदर्स के सहयोग से आयोजित इस समारोह में एडिसन के मेयर सैम जोशी भी पहुंचे। उनके साथ स्थानीय निकाय के अन्य निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में भाग लिया। एडिसन टाउनशिप प्रशासन, नगर परिषद और रिक्रिएशन विभाग की भागीदारी से आयोजित यह समारोह क्षेत्र के सबसे बड़े सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल है।
इस वर्ष समारोह की थीम 'सेलिब्रेटिंग दिवाली इन अमेरिका टू फिफ्टी' रखी गई थी। इसके माध्यम से दीपावली के प्रकाश पर्व को अमेरिका की आजादी के 250वें वर्ष के उत्सव से भी जोड़ा गया। आयोजन में 100,000 से अधिक लाइटों की सजावट की गई थी। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, दीया प्रज्वलन, खान-पान और खरीदारी के स्टालों के साथ ड्रोन शो और आतिशबाजी मुख्य आकर्षण रहे।

न्यूजर्सी में भारतीय संस्कृति की मजबूत पहचान बना एडिसन
एडिसन न्यूजर्सी में भारतीय मूल के लोगों की बड़ी आबादी वाला प्रमुख शहर है। यहां दीपावली का आयोजन अब केवल भारतीय समुदाय का धार्मिक उत्सव नहीं रह गया है, बल्कि स्थानीय सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुका है। वर्ष 2022 से शुरू हुआ यह वार्षिक दीपावली समारोह लगातार लोकप्रिय हो रहा है और इसमें हर साल बड़ी संख्या में लोग शामिल होते हैं।
इस वर्ष भी पापियानी पार्क में जुटे हजारों भारतवंशियों ने यह संदेश दिया कि भौगोलिक दूरियां भारतीयों को अपनी संस्कृति और परंपराओं से अलग नहीं कर सकतीं। बॉलीवुड संगीत, भारतीय खान-पान, भगवान राम की ड्रोन आकृति और जय श्रीराम के उद्घोष ने एडिसन की शाम को भारतीय रंगों से सराबोर कर दिया।