युद्ध फिल्म में रोमांटिक गाने पर सलमान का जवाब, बोले- सैनिक भी करते हैं पत्नियों की खूबसूरती की तारीफ

मुंबई। सलमान खान की आगामी फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' अपने रोमांटिक गाने 'तेरी सेक्सी ब्यूटी' को लेकर चर्चा में है। गलवान संघर्ष की पृष्ठभूमि पर बनी युद्ध फिल्म में इस तरह के गाने को शामिल करने पर सवाल उठ रहे थे। 6 नवंबर को मुंबई में फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान सलमान ने इसका जवाब देते हुए कहा कि सैनिक भी अपनी पत्नियों की खूबसूरती की तारीफ करते हैं। फिल्म में यह गाना इसी प्रसंग का हिस्सा है। दर्शकों को इसकी प्रासंगिकता पूरी कहानी देखने के बाद समझ आएगी।

Nov 8, 2026 - 04:22
 0
युद्ध फिल्म में रोमांटिक गाने पर सलमान का जवाब, बोले- सैनिक भी करते हैं पत्नियों की खूबसूरती की तारीफ

सलमान ने मजाकिया अंदाज में चित्रांगदा सिंह को संबोधित करते हुए उन्हें अपनी 'सेक्सी ब्यूटी' भी कहा। उन्होंने गानों के प्रचार पर चुटकी लेते हुए कहा कि फिल्म के इतने गाने दिखाए जा चुके हैं कि दर्शकों को लग सकता है कि वे करीब 1400 गाने देख चुके हैं।

सलमान की आवाज में भी गाना

'तेरी सेक्सी ब्यूटी' गाना 4 नवंबर को रिलीज हुआ था। इसमें सलमान और चित्रांगदा सिंह नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि सलमान ने अभिनय के साथ गाने को अपनी आवाज भी दी है। गायिका मुस्कान ने भी इसमें स्वर दिया है। संगीतकार साजिद अली खान ने बताया कि गाने की धुन करीब एक साल पहले तैयार की गई थी। शुरुआत में सलमान इसके बोल बदलना चाहते थे, लेकिन बाद में उन्होंने इसे अपनी आवाज देने का फैसला किया।

'बैटल ऑफ गलवान' से बदला फिल्म का नाम

फिल्म पहले 'बैटल ऑफ गलवान' नाम से घोषित हुई थी। इसकी कहानी 2020 में पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई हिंसक झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित है। सलमान इसमें भारतीय सेना के अधिकारी कर्नल बी. संतोष बाबू की भूमिका निभा रहे हैं, जो इस संघर्ष में शहीद हुए थे। चित्रांगदा सिंह उनकी पत्नी के किरदार में हैं। फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया ने किया है।

सलमान ने स्पष्ट किया कि फिल्म का उद्देश्य चीन विरोधी कहानी पेश करना नहीं, बल्कि सैनिकों और उनके परिवारों के जीवन तथा युद्ध के मानवीय प्रभावों को दिखाना है। उन्होंने पटकथा में सरकारी दबाव के कारण बदलाव किए जाने की खबरों को भी खारिज किया। उनके मुताबिक, फिल्म को सेंसर बोर्ड ने बिना किसी कट के मंजूरी दी है।

अब 4 दिसंबर को रिलीज होगी फिल्म

फिल्म की रिलीज तारीख कई बार बदली गई है। सलमान ने बताया कि शूटिंग के दौरान चित्रांगदा सिंह के चोटिल होने और बाद में वीएफएक्स का काम अपेक्षा से अधिक समय लेने के कारण देरी हुई। निर्माता दृश्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करना चाहते। पहले जनवरी, जून, अगस्त और 20 नवंबर की तारीखों पर विचार किया गया था। अब फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

SP_Singh AURGURU Editor