आगरा में दो दर्दनाक हादसे: रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत; गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम

आगरा। जिले में शनिवार को दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की जान चली गई। फतेहपुर सीकरी में रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिला। प्रारंभिक जांच में युवक की मालगाड़ी से टकराकर मौत होने की आशंका जताई गई है। दूसरी घटना शमसाबाद क्षेत्र की है, जहां निर्माणाधीन मकान पर काम कर रहा 22 वर्षीय मजदूर हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे से आक्रोशित परिजनों ने शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाया।

Nov 7, 2026 - 23:51
 0
आगरा में दो दर्दनाक हादसे: रेलवे ट्रैक किनारे मिला अज्ञात युवक का शव, हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर मजदूर की मौत; गुस्साए परिजनों ने लगाया जाम
मजदूर की मौत के बाद शमसाबाद क्षेत्र में जाम लगाते ग्रामीण।

फतेहपुर सीकरी में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, शिनाख्त नहीं

फतेहपुर सीकरी। क्षेत्र में शनिवार शाम रेलवे ट्रैक के किनारे एक युवक का शव मिलने से आसपास के इलाके में हलचल मच गई। शव खंभा संख्या 46/15 और रेलवे फाटक संख्या 39 के पास पड़ा मिला। सूचना पर आरपीएफ के एएसआई शिव नारायण यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

प्रारंभिक पड़ताल में युवक की मालगाड़ी से टकराने के कारण मौत होने की आशंका जताई गई है। हालांकि दुर्घटना की वास्तविक परिस्थितियां अभी स्पष्ट नहीं हैं। मृतक की पहचान भी नहीं हो सकी है। रेलवे पुलिस आसपास के गांवों में पूछताछ कर रही है, ताकि युवक के बारे में जानकारी मिल सके। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

शमसाबाद में हाईटेंशन लाइन ने ली मजदूर की जान, शव रखकर लगाया जाम

शमसाबाद। थाना क्षेत्र के गढ़ी शक्कन के पास शनिवार को निर्माणाधीन मकान पर मजदूरी कर रहे 22 वर्षीय अंकित की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। वह बड़ा गांव शमसाबाद निवासी ईश्वरी प्रसाद का पुत्र था। अंकित शीतल नामक व्यक्ति के नवनिर्मित मकान पर काम कर रहा था। मकान के छज्जे के पास से हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही थी। काम के दौरान वह इसकी चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया।

मौके पर मौजूद लोग उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मकान मालिक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव को शमसाबाद-आगरा मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

सूचना पर एसीपी रामप्रवेश गुप्ता और थाना पुलिस मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने परिजनों को कार्रवाई का आश्वासन देकर समझाया, जिसके बाद जाम खुलवाया जा सका। परिजनों का आरोप था कि मकान मालिक ने बिजली की आपूर्ति बंद कराने का आश्वासन दिया था, लेकिन इसके बावजूद काम के दौरान लाइन चालू रही। शमसाबाद थाना प्रभारी श्याम सिंह के अनुसार, परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

SP_Singh AURGURU Editor