यूपी के लाखों कर्मचारियों को योगी सरकार का तोहफा, महंगाई भत्ता 3% बढ़कर 63 फीसदी हुआ; चार महीने का एरियर भी मिलेगा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के लाखों सरकारी कर्मचारियों को दीपावली का तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) में तीन प्रतिशत की वृद्धि की है। इसके साथ ही कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 60 प्रतिशत से बढ़कर 63 प्रतिशत हो गया है। नई दरें एक जुलाई 2026 से प्रभावी मानी जाएंगी। इस संबंध में वित्त विभाग ने शनिवार, 7 नवंबर को शासनादेश जारी कर दिया।

Nov 7, 2026 - 23:26
 0
यूपी के लाखों कर्मचारियों को योगी सरकार का तोहफा, महंगाई भत्ता 3% बढ़कर 63 फीसदी हुआ; चार महीने का एरियर भी मिलेगा

प्रमुख सचिव (वित्त) आलोक कुमार की ओर से जारी शासनादेश के अनुसार, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान नवंबर 2026 के नियमित वेतन के साथ किया जाएगा। इसका लाभ राज्य सरकार के पूर्णकालिक नियमित कर्मचारियों के अलावा सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थानों, शहरी स्थानीय निकायों, कार्यभारित कर्मचारियों तथा यूजीसी वेतनमान के तहत कार्यरत पदधारकों को भी मिलेगा।

चार महीने का एरियर कैसे मिलेगा

शासनादेश में जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीने के महंगाई भत्ते के बकाये के भुगतान की अलग-अलग व्यवस्था की गई है। सामान्य भविष्य निधि (जीपीएफ) से जुड़े कर्मचारियों का एरियर निर्धारित सीमा और आयकर व अधिभार की कटौती के बाद उनके भविष्य निधि खाते में जमा किया जाएगा। यह धनराशि एक नवंबर 2027 तक खाते में जमा रहेगी।

राष्ट्रीय पेंशन प्रणाली (एनपीएस) से जुड़े कर्मचारियों के एरियर की 10 प्रतिशत राशि टियर-1 पेंशन खाते में जमा होगी। इसके अतिरिक्त राज्य सरकार नियोक्ता के रूप में 14 प्रतिशत अंशदान भी जमा करेगी। शेष 90 प्रतिशत राशि पीपीएफ खाते में जमा कराई जाएगी अथवा राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र (एनएससी) के रूप में दी जाएगी। एनएससी उपलब्ध नहीं होने पर संबंधित राशि नकद दी जाएगी।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पूरा एरियर नकद

सरकार ने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारियों के लिए भी विशेष व्यवस्था की है। एक जुलाई 2026 से शासनादेश जारी होने की तारीख के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को बकाये की पूरी राशि नकद दी जाएगी। इसके अलावा अगले छह महीने के भीतर सेवानिवृत्त होने वाले कर्मचारी भी इस सुविधा के दायरे में रखे गए हैं। जिन कर्मचारियों की सेवाएं शासनादेश जारी होने से पहले समाप्त हो चुकी हैं, उन्हें भी बकाये का भुगतान नकद किया जाएगा।

सरकार के इस फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को लाभ मिलेगा। महंगाई भत्ते में वृद्धि से उनके मासिक वेतन में बढ़ोतरी होगी और जुलाई से अक्टूबर तक के बकाये का भी भुगतान होगा।

SP_Singh AURGURU Editor