आगरा के सैयां में खोखे में लगी आग, गैस सिलेंडर फटने की आशंका से ग्वालियर हाईवे पर यातायात रोकना पड़ा
आगरा। सैयां कस्बे में ग्वालियर हाईवे किनारे चाय-नाश्ते के एक खोखे में लगी भीषण आग से रविवार शाम अफरातफरी मच गई। आग की लपटें उठती देख आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए। खोखे के अंदर रसोई गैस का भरा सिलेंडर रखा होने के कारण विस्फोट की आशंका पैदा हो गई। एहतियातन पुलिस ने हाईवे पर वाहनों की आवाजाही रुकवा दी। इससे करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
घटना थाना सैयां के पास की है। योगेश कुशवाह यहां हाईवे किनारे लकड़ी और टीनशेड से बने खोखे में चाय-नाश्ते की दुकान चलाते हैं। रविवार शाम अचानक खोखे से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। दुकान में गैस सिलेंडर मौजूद होने की जानकारी पर आसपास के लोगों में घबराहट फैल गई और लोग सुरक्षित दूरी पर चले गए।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए हाईवे पर दोनों ओर वाहनों को रोक दिया गया। सड़क के दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद रात करीब आठ बजे आग पर काबू पाया। इसके बाद पुलिस ने यातायात दोबारा सुचारू कराया।
आग में योगेश कुशवाह का खोखा पूरी तरह जल गया। दुकान में रखी नकदी, बर्तन, फर्नीचर और अन्य सामान भी नष्ट हो गया। पीड़ित के अनुसार उन्हें हजारों रुपये का नुकसान हुआ है। आग किन परिस्थितियों में लगी, इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है।