बरेली में चाचा की कथित प्रताड़ना से तंग 19 वर्षीय छात्रा ने दी जान, पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप; शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का दावा

-आरके सिंह- बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में पारिवारिक प्रताड़ना के एक गंभीर मामले में 19 वर्षीय इंटरमीडिएट की छात्रा नैसी की दीपावली की रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों के मुताबिक, चाचा सचिन उर्फ राजा की कथित मारपीट और अशोभनीय हरकतों से परेशान होकर उसने आत्महत्या कर ली।

Nov 10, 2026 - 00:21
Nov 10, 2026 - 07:51
 0
बरेली में चाचा की कथित प्रताड़ना से तंग 19 वर्षीय छात्रा ने दी जान, पिता ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप; शिकायत के बावजूद कार्रवाई न होने का दावा
प्रतीकात्मक इमेज।

घटना सुभाषनगर थाना क्षेत्र के गणेशनगर, गली नंबर तीन की है। मृतका के पिता संजीव कश्यप ने अपने छोटे भाई पर बेटी और पत्नी के साथ मारपीट करने तथा लंबे समय से परेशान करने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस पर भी गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले शिकायत करने के बावजूद कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने आरोपी चाचा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की है।

दीपावली की शाम घर पहुंचकर मारपीट का आरोप

गणेशनगर निवासी संजीव कश्यप की 19 वर्षीय बेटी नैसी इंटरमीडिएट की छात्रा थी। संजीव के मुताबिक, रविवार शाम वह दीपावली की तैयारियों के लिए मिठाई खरीदने बाजार गए थे। इसी दौरान उनका छोटा भाई सचिन उर्फ राजा कथित तौर पर शराब और नशे की हालत में घर पहुंचा। आरोप है कि उसने संजीव की पत्नी और बेटी के साथ मारपीट की। घर लौटने पर पत्नी ने उन्हें पूरी घटना बताई। इसके बाद नैसी अपने पिता के साथ सुभाषनगर थाने पहुंची और चाचा के खिलाफ शिकायत की।

शिकायत के कुछ घंटे बाद घर में मिला बेटी का शव

परिजनों के अनुसार, रविवार देर रात करीब एक बजे नैसी ने घर में दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसे इस हालत में देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजन आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। सोमवार को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मां बोली- आए दिन करता था अशोभनीय हरकतें

मृतका की मां गोमती देवी ने बताया कि नैसी दो बेटियों में बड़ी थी और इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रही थी। वह पढ़ाई में होनहार थी। मां का आरोप है कि देवर सचिन को शराब और अन्य नशे की लत थी। वह आए दिन घर में अशोभनीय हरकतें करता था और छोटी-छोटी बातों पर विवाद व मारपीट करता था। परिवार के अन्य सदस्य भी उसे संरक्षण देते थे। बेटी की मौत के बाद से मां का रो-रोकर बुरा हाल है।

पिता ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

मृतका के पिता संजीव कश्यप का आरोप है कि उन्होंने पहले भी अपने छोटे भाई सचिन के खिलाफ थाने में शिकायत की थी, लेकिन पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की गई होती तो शायद उनकी बेटी की जान बचाई जा सकती थी। उन्होंने पूरे मामले में पुलिस की भूमिका की जांच कराने की मांग की है।

आरोपी चाचा के खिलाफ मुकदमा, गिरफ्तारी के प्रयास

सुभाषनगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सतीश कुमार ने बताया कि पुलिस ने सचिन उर्फ राजा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor