गोवर्धन पूजा पर 9 और 10 नवंबर को बंटे आयोजन, ब्रज के मंदिरों में अलग-अलग दिन सजा अन्नकूट; आगरा में भी दोनों दिन आयोजन

आगरा। भगवान श्रीकृष्ण की लीलास्थली ब्रज में इस बार गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव की तारीख को लेकर असमंजस की स्थिति देखने को मिली। कार्तिक शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि दो दिनों तक रहने के कारण जहां बड़ी संख्या में लोगों ने सोमवार, 9 नवंबर को ही गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मना लिया, वहीं पंचांग और उदया तिथि की गणना के आधार पर मंगलवार, 10 नवंबर को मुख्य पर्व मनाने का निर्णय लिया गया। मथुरा, वृंदावन और गोवर्धन क्षेत्र में दोनों दिन धार्मिक आयोजन हुए। आगरा में भी मंगलवार को मंदिरों और धार्मिक संस्थाओं में अन्नकूट के आयोजन किए गए।

Nov 10, 2026 - 01:17
 0
गोवर्धन पूजा पर 9 और 10 नवंबर को बंटे आयोजन, ब्रज के मंदिरों में अलग-अलग दिन सजा अन्नकूट; आगरा में भी दोनों दिन आयोजन

दस नवम्बर को गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट के लिए सब्जियां खऱीदते लोग। 

इस वर्ष तिथियों के विशेष संयोग ने दीपावली और गोवर्धन पूजा के बीच सामान्य रूप से रहने वाले एक दिन के अंतर को बदल दिया। कार्तिक शुक्ल प्रतिपदा तिथि 9 नवंबर को दोपहर लगभग 12:32 बजे शुरू होकर 10 नवंबर को दोपहर 2:01 बजे तक रही। इसी कारण 9 नवंबर को दोपहर बाद प्रतिपदा लगने पर कुछ लोगों और मंदिरों ने उसी दिन पूजा-अर्चना तथा अन्नकूट के आयोजन किए।

दूसरी ओर उदया तिथि के अनुसार 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा का मुख्य दिन निर्धारित किया गया है। दैवज्ञ बृज मोहन दीक्षित के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को गोवर्धन स्थापना का शुभ मुहूर्त प्रातः 06:34 बजे से 08:45 बजे तक रहेगा, जबकि गोवर्धन पूजा का मुहूर्त शाम 05:30 बजे से 06:10 बजे तक है।

गोवर्धन पूजा पर रंगोली सजातीं महिलाएं।

ब्रज के मंदिरों में अलग-अलग दिन अन्नकूट

वृंदावन में भी अन्नकूट महोत्सव को लेकर अलग-अलग परंपराएं देखने को मिलीं। यहां के प्राचीन सप्तदेवालयों में राधादामोदर, राधारमण, राधाश्यामसुंदर, राधागोविंद देव, गोपीनाथ, मदनमोहन और शाहजी मंदिरों के साथ सुदामा कुटी में 9 नवंबर को अन्नकूट उत्सव आयोजित किया गया। वहीं इस्कॉन मंदिर में 10 नवंबर को अन्नकूट महोत्सव का आयोजन निर्धारित है। इस्कॉन मंदिर में अन्न का विशाल पर्वत सजाने, छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाने और हलवे से राधाकुंड-श्यामकुंड की प्रतीकात्मक झांकी बनाने की तैयारी की गई।

गिरिराज जी की पूजा और परिक्रमा का महत्व

गोवर्धन में गिरिराज महाराज की पूजा और सप्तकोसी परिक्रमा का विशेष महत्व है। देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु गिरिराज पर्वत की परिक्रमा करने पहुंचते हैं। गोवर्धन पूजा पर घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत की आकृति बनाकर पूजा करने, गौ माता का पूजन करने और भगवान श्रीकृष्ण को अन्नकूट का भोग लगाने की परंपरा है।

आगरा में अन्नकूट के आयोजन

आगरा में भी गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव पर धार्मिक संस्थाओं, मंदिरों और सामाजिक संगठनों की ओर से आयोजन किए गए। भगवान को मौसमी सब्जियों, दाल, चावल, कढ़ी, मिठाइयों और विभिन्न पकवानों का भोग लगाने के साथ श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई। बहुत से सामाजिक संगठन 10 नवम्बर को भी गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव का आयोजन कर रहे हैं।

क्या है अन्नकूट की परंपरा

पौराणिक मान्यता के अनुसार भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को देवराज इंद्र की पूजा के स्थान पर गोवर्धन पर्वत और प्रकृति की पूजा करने का संदेश दिया था। इससे नाराज इंद्र ने मूसलाधार वर्षा शुरू कर दी। ब्रजवासियों की रक्षा के लिए श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठा अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठा लिया था। सात दिनों तक ब्रजवासी उसके नीचे सुरक्षित रहे। इसके बाद ब्रजवासियों ने भगवान को विभिन्न प्रकार के पकवानों का भोग लगाया। इसी परंपरा से अन्नकूट और छप्पन भोग का विधान जुड़ा माना जाता है।

अन्नकूट का शाब्दिक अर्थ अन्न का पर्वत है। यह पर्व केवल धार्मिक आस्था ही नहीं, बल्कि अन्न, प्रकृति, गोवंश और कृषि के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का भी अवसर है।

SP_Singh AURGURU Editor