ईरान पर फिलहाल नए हमले टालेंगे ट्रंप, लेकिन होर्मुज की नाकेबंदी जारी रहेगी; कतर-सऊदी अरब की अपील पर अमेरिका ने बदला रुख

वाशिंगटन। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच जारी संघर्ष के बीच राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फिलहाल नए सैन्य हमले रोकने के संकेत दिए हैं। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया है कि अमेरिका की सैन्य ताकत पूरी तरह तैयार है और जरूरत पड़ने पर ईरान के खिलाफ फिर कार्रवाई की जा सकती है। इस बीच अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य में ईरान के खिलाफ नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखने का फैसला किया है। ट्रंप का यह रुख ऐसे समय सामने आया है, जब कतर, सऊदी अरब सहित खाड़ी के कई देश युद्ध को आगे बढ़ने से रोकने के लिए कूटनीतिक प्रयास कर रहे हैं।

Nov 10, 2026 - 07:08
 0
ईरान पर फिलहाल नए हमले टालेंगे ट्रंप, लेकिन होर्मुज की नाकेबंदी जारी रहेगी; कतर-सऊदी अरब की अपील पर अमेरिका ने बदला रुख

समाचार एजेंसी रायटर्स के मुताबिक, ट्रंप ने सोमवार को व्हाइट हाउस में कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल थानी से मुलाकात के बाद ईरान के साथ संघर्ष पर बातचीत की। इसके बाद रायटर्स को दिए टेलीफोन इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि कतर और सऊदी अरब इस विवाद का शांतिपूर्ण समाधान चाहते हैं। अमेरिका फिलहाल नए हमले शुरू करने की जल्दबाजी में नहीं है, लेकिन सैन्य विकल्प पूरी तरह खुले हैं।

ट्रंप ने कहा कि अमेरिका होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रखेगा। उन्होंने संकेत दिया कि क्षेत्रीय देशों की अपील को ध्यान में रखते हुए फिलहाल सैन्य कार्रवाई से बचने की कोशिश की जा रही है। संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन और कुवैत सहित अन्य खाड़ी देश भी संघर्ष को और बढ़ाने के पक्ष में नहीं हैं।

ईरान ने अमेरिकी दावों पर उठाए सवाल

दूसरी ओर ईरान ने अमेरिका के साथ बातचीत को लेकर ट्रंप प्रशासन के दावों पर सवाल उठाए हैं। ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद के प्रमुख मोहसिन रजाई ने कहा कि अमेरिका काल्पनिक बातचीत की खबरें फैलाना बंद करे और ईरान की ओर से रखी गई शर्तों पर ध्यान दे।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने भी अपने देश के प्रस्ताव को बातचीत के लिए उपलब्ध सबसे व्यावहारिक प्रस्ताव बताया है। ईरान चाहता है कि अमेरिका उसके बंदरगाहों की नाकेबंदी समाप्त करे, कुछ आर्थिक प्रतिबंध हटाए और बमबारी रोके। इसके बदले तेहरान होर्मुज जलडमरूमध्य में अपनी नाकेबंदी समाप्त करने को तैयार है। परमाणु कार्यक्रम और अन्य प्रतिबंधों पर बातचीत बाद में करने का प्रस्ताव है। अमेरिका पहले ही इन शर्तों को अव्यावहारिक बता चुका है।

कूटनीति के बीच सैन्य तनाव भी बरकरार

शांति प्रयासों के बावजूद क्षेत्र में सैन्य गतिविधियां थमी नहीं हैं। ईरानी मीडिया के अनुसार, अमेरिकी हमलों में ईरान के क़ेश्म द्वीप को निशाना बनाया गया। ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रायटर्स को बताया कि इन हमलों में रडार प्रणालियों और मिसाइल प्रक्षेपण तथा समुद्री बारूदी सुरंगें बिछाने से जुड़े सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया गया। हालांकि अमेरिकी प्रशासन ने इन हमलों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

होर्मुज जलडमरूमध्य और फारस की खाड़ी में तेल टैंकरों पर हमलों की घटनाएं भी चिंता बढ़ा रही हैं। यह समुद्री मार्ग वैश्विक तेल आपूर्ति के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। ऐसे में यहां लंबे समय तक तनाव बने रहने से अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर असर पड़ सकता है।

संयुक्त अरब अमीरात के वरिष्ठ अधिकारी अनवर गर्गाश ने भी आगाह किया है कि अमेरिका और ईरान के बीच व्यापक राजनीतिक समझौता आसान नहीं दिख रहा। तुर्किये के राष्ट्रपति रेचेप तैयप एर्दोगन ने भी ट्रंप से बातचीत में तनाव कम करने और कूटनीतिक समाधान निकालने पर जोर दिया है।

इस तरह ट्रंप ने फिलहाल नए हमलों से दूरी बनाने के संकेत तो दिए हैं, लेकिन होर्मुज की नाकेबंदी और दोनों देशों के बीच जारी सैन्य गतिविधियां बताती हैं कि पश्चिम एशिया में शांति की राह अभी आसान नहीं है।

SP_Singh AURGURU Editor