कन्नौज के छिबरामऊ में दीवाली के दिन युवा अधिवक्ता की हत्या कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित ने की थी, मृतक भाजपा विधायक अर्चना पांडेय के रिश्तेदार
-संजीव शुक्ला- कन्नौज। छिबरामऊ में युवा अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी की हत्या के पीछे मामूली विवाद था। कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित ने कथित तौर पर थप्पड़ मारने की शिकायत लेकर पहुंचे 36 वर्षीय अनुज चतुर्वेदी को अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी थी। मृतक भाजपा विधायक अर्चना पांडेय के रिश्तेदार थे। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर पुलिस ने कांग्रेस नेता, उनके पिता और मां के खिलाफ हत्या समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने नामजद आरोपी की मां को हिरासत में ले लिया है, जबकि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस समेत छह टीमें लगाई गई हैं।
थप्पड़ के विवाद में चली गोली
पुलिस के मुताबिक, घटना 8 नवंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे छिबरामऊ थाना क्षेत्र की कोयला वाली गली में हुई। मृतक अनुज चतुर्वेदी के चचेरे भाई अभिषेक चतुर्वेदी और अमोल दीक्षित (46) पुत्र अवध बिहारी दीक्षित के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विवाद के दौरान अमोल दीक्षित ने अभिषेक को थप्पड़ मार दिया था।
अभिषेक ने इसकी जानकारी अपने चचेरे भाई अनुज चतुर्वेदी को दी। इसके बाद अनुज अपने साथी दीपक पाठक (30) के साथ बाइक से मौके पर पहुंचे। दोनों अमोल दीक्षित से अभिषेक को थप्पड़ मारने की शिकायत करने गए थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि अमोल दीक्षित ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से अनुज चतुर्वेदी पर फायर कर दिया। गोली लगने से अनुज गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
घायल अनुज को तत्काल सौ शैया अस्पताल, छिबरामऊ ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक का पोस्टमार्टम कराया जा चुका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण 'शॉक एंड हेमरेज ड्यू टू एंटीमॉर्टम फायरआर्म इंजरी' बताया गया है। यानी गोली लगने से मृत्यु से पहले लगी चोटों के कारण सदमे और अत्यधिक रक्तस्राव से उनकी मौत हुई। पोस्टमार्टम के बाद मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया।
भाई की तहरीर पर तीन के खिलाफ मुकदमा
मृतक के छोटे भाई अंकित चतुर्वेदी पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी निवासी सुभाष नगर, थाना छिबरामऊ ने पुलिस को प्रार्थनापत्र दिया। इसमें उन्होंने अमोल दीक्षित, उनके पिता अवध बिहारी दीक्षित पुत्र नारायण दीक्षित और मां मुन्नी देवी पत्नी अवध बिहारी दीक्षित को नामजद किया।
तीनों आरोपी मोहल्ला इब्राहिमगंज पड़ाव, थाना छिबरामऊ, जनपद कन्नौज के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने तहरीर के आधार पर थाना छिबरामऊ में मुकदमा अपराध संख्या 499/2026 दर्ज किया है। इसमें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 3(5), 115(2), 352 और 351(3) लगाई गई हैं।
मां हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश में छह टीमें
पुलिस ने नामजद आरोपी मुन्नी देवी को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित की गिरफ्तारी के लिए एसओजी और सर्विलांस टीम समेत छह पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी।
इस हत्याकांड में कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित का नाम सामने आने और मृतक के भाजपा विधायक अर्चना पांडेय का रिश्तेदार होने के कारण मामला राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा में आ गया है। फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी है।