सीडीओ ऒफिस पर तीन किसान नेताओं ने सिर मुंडवा लिए, चाहर ने जल भी त्यागा

आगरा। संजय प्लेस में सीडीओ ऒफिस पर धरना दे रहे तीन किसान नेताओं ने प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की सुनवाई न होने पर विरोध स्वरूप आज अपने सिर मुंडवा लिए। इधर किसान नेता श्याम सिंह चाहर अन्न के बाद जल का त्याग कर दिया है। आज उनका दो बार मेडिकल हुआ, डॊक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया।

Dec 29, 2024 - 19:22
 0
सीडीओ ऒफिस पर तीन किसान नेताओं ने सिर मुंडवा लिए, चाहर ने जल भी त्यागा
सीडीओ ऒफिस पर आंदोलनरत किसान नेता रविवार को मुंडन कराते हुए।

किसान नेताओं के धरने को आज नौवां दिन है। किसान नेता श्याम सिंह चाहर, छीतरिया और दाताराम तोमर को भूख हड़ताल करते सात दिन बीत चुके हैं जबकि श्याम सिंह चाहर को जल का त्याग किए हुए आज दूसरा दिन था। 

आज धरनास्थल पर ही किसान नेता श्याम सिंह चाहर, चौधरी दिलीप सिंह व बुजुर्ग छीतरिया ने सिर का मुंडन करवाकर शासन और प्रशासन के खिलाफ विरोध जताया।

चौधरी दिलीप सिंह ने कहा कि सहकारिता विभाग में 4.12 करोड़ रूपये के 21 सहकारी समितियों में निर्माण के मामले के अलावा ग्रामीण सुरक्षा आवासीय समिति के कथित सचिव केपी यादव पर रिपोर्ट दर्ज करने की मांग तथा सहकारिता के अधिकारियों द्वारा अनियमितताओं व घोटाले की जांच पूरी हो चुकी है तो जिला प्रशासन दोषियों पर कार्यवाही करने में देरी क्यों कर रहा है।

 धऱनास्थल पर पहुंचे नरेन्द्र सिंह चाहर और महताप सिंह चाहर ने कहा कि सहकारिता विभाग के घोटाले में विभाग के उच्च अधिकारी भी शामिल हैं।  दोषी एआर रविन्द्र कुमार को लखनऊ मुख्यालय से संबद्ध कर दिया है जबकि उन्हें तो निलंबित कर जेल भेजना चाहिए था।

धरनास्थल पर सोनू, रामू चौधरी, गजेन्द्र शर्मा, सुभाष चौधरी, राहुल छोंकर, विजेंद सिंह एडवोकेट, किशन कुमार दीपू चाहर, यशपाल सिंह, नरेंद्र फौजदार, नारायण सिंह, बासुदेव कुशवाह, मनोज कुमार, प्रदीप शर्मा, बाबूलाल, बबलू सिंह, सोनवीर और धर्मपाल सिंह सहित अन्य किसान मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor