अज्जू भाई नहीं रहे
आगरा। शहर में टेंट व्यवसाय को अलग ही पहचान दिलाने वाले प्रमुख व्यवसायी एवं पुरुषोत्तम टेंट हाउस के स्वामी अजय कुमार गोयल (अज्जू भाई) का आज सुबह निधन हो गया। विजय नगर कॊलोनी स्थित आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। आज ही दोपहर 12 बजे ताजगंज मोक्षधाम पर उनका अंतिम संस्कार किया जा रहा है।
मृदु एवं विनम्र व्यवहार के धनी अज्जू भाई ने टेंट व्यवसाय के जरिए बहुत पहले वह कुछ कर दिखाया जो आज की भव्य शादियों और जनकपुरी जैसे बड़े आयोजन में दिखता है। टेंट के व्यवसाय में वे शादी समारोहों में डेकोरेशन में हर बार कुछ नया लेकर आते थे। पहले शहर की बड़ी शादियां ज्यादातर एमडी जैन कॊलेज ग्राउंड पर ही हुआ करती थीं। इस ग्राउंड को डेकोरेट करने में अज्जू भाई हर साल नए-नए आइडिया लाते थे।
उत्तर भारत की प्रसिद्ध रामलीला में होने वाले जनकपुरी आयोजन में जो भव्य जनक महल अब सजते हैं, उनकी शुरुआत भी अज्जू भाई ने ही की थी। अज्जू भाई ने लगभग एक दर्जन बार जनकपुरी में जनक महल बनाए। वे अपने पीछे दो पुत्रों का परिवार छोड़ गए हैं, जो उनकी विरासत को आगे बढ़ा रहे हैं।