कलियुगी यशोदा को थू-थू कर रहा हर कोई

आगरा। एक यशोदा मां द्वापर की थीं और एक यशोदा कलियुग की है, जिसने अपने ही बेटे का खून करवा दिया। सिर्फ इसलिए कि उसकी पापलीला पर पर्दा पड़ा रहे। पिनाहट के नयापुरा मोहल्ले में आठ वर्ष के बालक रौनक की हत्या के मामले में जबसे यह खुलासा हुआ है कि जन्म देने वाली मां ने ही अपने आशिक देवर से अपने बेटे को मरवाया है, तब से कलियुगी यशोदा पर हर कोई थू-थू कर रहा है। यशोदा जैसे पवित्र नाम को भी कलंकित कर दिया है आज की यशोदा ने। लोग यह सोचकर ही सिहर उठते हैं कि क्या कोई मां अपने बेटे का खून करवा सकती है।

Dec 3, 2024 - 22:42
 0
कलियुगी यशोदा को थू-थू कर रहा हर कोई
बालक रौनक की हत्या में गिरफ्तार उसकी मां यशोदा और चाचा भानु।

-जिस बच्चे को जन्म दिया और दूध पिलाया, उसी को कैसे मरवा दिया एक मां ने

पुलिस इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा कर चुकी है। डीसीपी पूर्वी अतुल कुमार शर्मा ने जो कुछ बताया है, उसका सार यही है कि बालक रौनक ने अपनी मां यशोदा और चाचा भानु को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था। भानु ने जो पुलिस को बताया है, उसके अनुसार रौनक ने अपनी मां को इस हालत में देखकर इतना ही कहा था कि तुम बहुत गलत हो। मैं पापा को बता दूंगा।

पुलिस के अनुसार रौनक के सामने सब कुछ आ जाने के बाद यशोदा और भानु बहुत घबरा गए थे। यशोदा ने पहले तो अपनी गुल्लक से पैसे निकाले और रौनक को पैसे देकर कहा कि कुरकुरे खा लेना। इसी दरम्यान देवर-भाभी के बीच इशारों ही इशारों में न जाने क्या बातें हुईं कि रौनक की जान लेने का फैसला ले लिया गया।

हत्या के बाद वीडियो कॊल पर बात की दोनों ने

पुलिस और सर्विलांस टीम ने जो तथ्य जुटाए हैं, उसके अनुसार चाचा भानु ने जब मोंगरी से प्रहार कर रौनक की हत्या कर दी थी, तब भानु और यशोदा के बीच वीडियो काल पर बात भी हुई थी। पुलिस ने यह तथ्य भी जुटाए हैं कि घटना वाले दिन दोनों के बीच कितनी बार फोन पर बात हुई। पुलिस ने इस केस को शव बरामद होने के बाद 25 घंटे के अंदर इसीलिए सुलझा लिया क्योंकि इस काम में एएएसपी, दो ट्रेनी आईपीएस, अनुभवी दरोगा, सर्विलांस, एसओजी, डॊग स्क्वाड और फोरेंसिट टीम की मदद ली गई थी।

बालक का पिता अफसरों के पास जाने वाला था

चार दिन पहले शाम पांच बजे जब बालक रौनक गायब हुआ था तो उसकी रिपोर्ट थाने में लिखवा दी गई थी। रविवार की शाम तक रौनक का पता न लगने पर उसके पिता करन ने घर पर पत्नी और भाई से कहा था कि वह कल आगरा में जाकर बड़े अफसरों से मिलकर डॊग स्क्वॊड बुलवाएगा। यह बात सुनकर करन का भाई भानु और पत्नी यशोदा घबरा उठे थे। उन्हें लगा था कि रौनक का शव उन्होंने छत पर करब में छिपा रखा है। डॊग स्क्वॊड आया तो शव बरामद हो जाएगा। इसी भय के कारण यशोदा और भानु ने रात के समय ही रौनक के शव को रस्सी से बांधकर गली में नीचे उतार दिया था और घर में आकर सो गए थे।

चाचा के फोन में मिले आपत्तिजनक वीडियो

बालक रौनक की जान लेने वाले भानु के मोबाइल फोन को चेक करने पर पुलिस को उसमें से कुछ ऐसे वीडियो मिले हैं जिनसे देवर-भाभी के अवैध संबंधों का खुलासा होता है। पुलिस इसे भी साक्ष्य के रूप में केस का हिस्सा बना सकती है। पुलिस का कहना है कि रौनक को मारने का प्लान दोनों की सहमति से बना। 

SP_Singh AURGURU Editor