बरेली में नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़खानी करने वाला शिक्षक गिरफ्तार, जेल भेजा गया
बरेली। जिले के थाना क्षेत्र बहेड़ी में कंप्यूटर क्लास के दौरान कक्षा तीन की नाबालिग छात्राओं से छेड़खानी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
बहेड़ी के क्षेत्राधिकारी अरुण सिंह ने शुक्रवार को बताया कि एक इंग्लिश मीडियम स्कूल में कंप्यूटर क्लास के दौरान कंप्यूटर शिक्षक द्वारा कक्षा तीन की कई नाबालिग छात्राओं के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया। पुलिस ने शिक्षक आयुष शर्मा पुत्र दिनेश कुमार शर्मा निवासी मोहल्ला महादेवपुरम के खिलाफ पॉक्सो का मुकदमा दर्ज करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर शुक्रवार को जेल भेज दिया है।
घटना को लेकर स्कूल के अभिभावकों के रोष रहा। छात्राओं ने छुट्टी के बाद यह बात घर वालों को बताई, जिसके बाद उनके अभिभावक स्कूल पहुंच गए। उन्होंने प्रिंसिपल से शिक्षक की हरकत की यह शिकायत की, जिसके बाद प्रिंसिपल ने आरोपी कंप्यूटर टीचर को स्कूल से निकाल दिया है। इसके बाद अभिभावकों ने इसकी शिकायत पुलिस में की, जिस पर पुलिस ने उनकी तहरीर पर घटना की जांच करने के बाद शिक्षक आयुष शर्मा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। पुलिस ने पॊक्सो एक्ट के तहत् उसे गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया है।