ढोल-नगाड़ों, हाथी-घोड़ों और भव्य रथों के साथ आगरा में पहली बार निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा, महाकाल और मयूर नृत्य ने मोहा मन, बग्गियों पर सवार इंद्र-इंद्राणियों और आकर्षक झांकियों ने बढ़ाई भव्यता

आगरा। ढोल-नगाड़ों की गूंज, हाथी-घोड़ों और ऊंटों की अगुवाई, भव्य रथों, आकर्षक झांकियों तथा धार्मिक नृत्यों के बीच आगरा में पहली बार ऐतिहासिक चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा निकाली गई। पार्श्वधाम, छीपीटोला में आयोजित श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के चौथे दिन निकली इस शोभायात्रा में बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने उत्साह और भक्तिभाव के साथ भाग लिया। संत शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवन श्री 108 विशुद्ध सागर जी महाराज के परम प्रभावक शिष्य श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर महाराज और श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में निकली यात्रा ने पूरे मार्ग को धर्म और आध्यात्मिक उल्लास के रंग में रंग दिया।

Nov 13, 2026 - 22:30
 0
ढोल-नगाड़ों, हाथी-घोड़ों और भव्य रथों के साथ आगरा में पहली बार निकली चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा, महाकाल और मयूर नृत्य ने मोहा मन, बग्गियों पर सवार इंद्र-इंद्राणियों और आकर्षक झांकियों ने बढ़ाई भव्यता
आगरा में पहली बार निकाली गई ऐतिहासिक चक्रवर्ती दिग्विजय शोभायात्रा की एक झलक।

शोभायात्रा का शुभारंभ पार्श्वधाम से हुआ। यहां से यात्रा आईजी ऑफिस, बालूगंज पेट्रोल पंप, बालूगंज चौराहा, बैकुंठी देवी कॉलेज, ओलिया रोड और छीपीटोला होते हुए वापस पार्श्वधाम पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा की अगुवाई ढोल-नगाड़ों, घोड़ों और ऊंटों पर सवार श्रद्धालुओं ने जैन ध्वज लेकर की। इसके बाद उज्जैन का प्रसिद्ध महाकाल नृत्य और मयूर नृत्य आकर्षण का केंद्र रहे। विभिन्न धार्मिक पात्रों में सजे इंद्र-इंद्राणियां सुसज्जित बग्गियों पर सवार होकर चल रहे थे।

सौधर्म इंद्र आकर्षक श्वेत रथ पर विराजमान थे, जबकि कुबेर इंद्र, माहेंद्र इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, सनत इंद्र और ब्रह्म इंद्र सहित अन्य धार्मिक पात्र भव्य बग्गियों में सवार थे। दो आकर्षक झांकियों और चार बैंडों ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए। बैंड की मधुर धुनों पर 'तुमसे लगी लगन' भजन गूंजता रहा। भक्ति संगीत पर महिलाएं झूमती नजर आईं। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह और धार्मिक उल्लास देखते ही बन रहा था।

शोभायात्रा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ब्रह्मचारी तरुण भैया और पंडित विकर्ष शास्त्री ने मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं और विधि-विधान संपन्न कराए। श्री 1008 समवशरण महामंडल विधान के अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।

इस अवसर पर मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने अपनी अमृतमयी वाणी में कहा कि संसार के लोग चक्रवर्ती और कुबेर के वैभव से प्रभावित होते हैं, लेकिन जो व्यक्ति जिनेंद्र भगवान के चरणों और उनके गुणों से प्रभावित होता है, वह भगवान की महाअर्चना के लिए उनके चरणों में पहुंचता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति के जीवन में वही चीज आती है, जिसके प्रति उसके मन में ललक होती है। संसार के वैभव की चाह रखने वाला उसी दिशा में प्रयास करता है, जबकि तीनों लोकों का वैभव प्राप्त करने की भावना रखने वाले को त्रैलोक्यनाथ जिनेंद्र भगवान से प्रभावित होना चाहिए।

मुनि श्री ने कहा, "ललक है तो झलक है।" जीवन में जिस चीज को पाने की सच्ची इच्छा होती है, उसकी झलक व्यक्ति के आचरण और प्रयासों में दिखाई देने लगती है। उन्होंने कहा कि यदि मनुष्य के भीतर सुखी रहने की वास्तविक ललक हो तो वह जिनेंद्र भगवान की देशना से जुड़कर अपने जीवन को संवार सकता है। लेकिन संसार में फंसा जीव दुखों से मुक्त होने का मार्ग अपनाने के बजाय सांसारिक आकर्षणों में उलझा रहता है। उन्होंने श्रद्धालुओं को बाहरी वैभव के बजाय भगवान के गुणों, उपदेशों और आध्यात्मिक मूल्यों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

आयोजन में श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के डॉ. अभय जैन, मनोज जैन, प्रवीन जैन पद्मावती, आनंद जैन, शैलेश जैन (लाला जी), मुकेश जैन (लले), विवेक जैन, चक्रेश जैन, दीपक जैन, रुपेश जैन, आशु जैन (वी.के.), सचिन जैन, आशु (बाबा), रोहित जैन, राजीव जैन, विन्नू जैन, प्रवीण जैन और मुन्ना लाल जैन सहित समिति के सदस्य एवं सकल जैन समाज के श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम में मीडिया प्रभारी राहुल जैन ने भी व्यवस्थाओं में सहभागिता की।

SP_Singh AURGURU Editor