पीलीभीत के साक्षी आश्रम पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बाबा प्रेम सुगंध से बंद कमरे में की मुलाकात

-आरके सिंह- पीलीभीत। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार शाम एक अत्यंत निजी और संक्षिप्त दौरे पर पीलीभीत पहुंचे। उन्होंने बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत कलीनगर तहसील स्थित साक्षी फाउंडेशन आश्रम पहुंचकर बाबा प्रेम सुगंध से मुलाकात की। दोनों के बीच बंद कमरे में करीब आधे घंटे तक वार्ता हुई, जिससे स्थानीय राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। ​

Nov 12, 2026 - 21:59
 0
पीलीभीत के साक्षी आश्रम पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, बाबा प्रेम सुगंध से बंद कमरे में की मुलाकात
गुरुवार शाम पीलीभीत पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॊ. मोहन यादव का स्वागत करते भाजपा के वरिष्ठ नेता।  

हेलीपैड पर हुआ स्वागत, मुलाकात से दूर रहे दिग्गज

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का हेलीकॉप्टर शाम करीब चार बजे साक्षी आश्रम के समीप बने हेलीपैड पर उतरा। यहां उत्तर प्रदेश के गन्ना राज्य मंत्री संजय सिंह गंगवार, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल मौर्य सहित पार्टी के अन्य स्थानीय पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री कार द्वारा आश्रम परिसर पहुंचे।

​पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने बताया कि आश्रम पहुंचने पर मुख्यमंत्री और बाबा प्रेम सुगंध के बीच पहले सामान्य शिष्टाचार भेंट हुई, जिसके बाद दोनों ने एक बंद कमरे में लगभग आधे घंटे तक एकांत वार्ता की। इस दौरान कमरे में किसी भी अन्य व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह वर्जित रहा। यहां तक कि स्वागत के लिए पहुंचे राज्य मंत्री, विधायक और जिलाध्यक्ष को भी इस वार्ता से बाहर रखा गया।

​उद्देश्य को लेकर बना रहा सस्पेंस

मुख्यमंत्री का यह दौरा पूरी तरह व्यक्तिगत रखा गया था। दोनों के बीच किन बिंदुओं पर चर्चा हुई और मुख्यमंत्री के इस आकस्मिक आगमन का मुख्य उद्देश्य क्या था, इस संबंध में न तो आश्रम प्रबंधन की ओर से और न ही भाजपा नेताओं की तरफ से कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। आश्रम में लगभग सवा घंटे तक रुकने के बाद मुख्यमंत्री बिना किसी प्रेस वार्ता या सार्वजनिक संबोधन के सीधे हेलीपैड के लिए रवाना हो गए, जहां से वे शाम को बरेली के लिए उड़ान भर गए।

​चप्पे-चप्पे पर तैनात रहा पुलिस बल

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला एवं पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) हिमांशु गौरव ने बताया कि वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। हेलीपैड से लेकर आश्रम परिसर तक भारी पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा कारणों से गुरुवार को साक्षी फाउंडेशन आश्रम की ओर जाने वाले मुख्य मार्ग को बंद रखा गया था, वहीं मुख्यमंत्री के काफिले के गुजरने के दौरान असम हाईवे पर भी कुछ समय के लिए यातायात को रोका गया।

SP_Singh AURGURU Editor