ताजमहल परिसर में टॊयलेट के अंदर मिला पांच फीट लम्बा अजगर, वाइल्डलाइफ एसओएस ने किया रेस्क्यू
आगरा। ताजमहल में एक अप्रत्याशित घटना देखने को मिली, जब स्मारक के पूर्वी गेट के पास वाले प्रांगण में सीआईएसएफ सुरक्षाकर्मियों द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले एक शौचालय के अंदर लगभग पांच फुट लंबा 'इंडियन रॉक पायथन' (अजगर) देखा गया। वाइल्डलाइफ एसओएस रैपिड रिस्पॉन्स यूनिट ने सफलतापूर्वक इस अजगर को सुरक्षित पकड़ा और प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया।
अजगर को सबसे पहले सीआईएसएफ के जवानों ने देखा, जिन्होंने तुरंत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधिकारियों को सूचित किया। अधिकारियों ने वाइल्डलाइफ़ एसओएस की इमरजेंसी रेस्क्यू हेल्पलाइन (+91 9917109666) पर संपर्क किया था।
अलर्ट मिलते ही, वाइल्डलाइफ एसओएस की दो सदस्यीय रैपिड रिस्पॉन्स टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पर्यटकों और अन्य लोगों को सुरक्षित दूरी पर करने के बाद, टीम ने बड़ी सावधानी से मुसीबत में फंसे अजगर को बाहर निकाला। इस दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि अजगर को कोई चोट न लगे और उसे कोई परेशानी न हो। इसके बाद, कुछ घंटों तक अजगर को निगरानी में रखने के पश्च्यात उसे अनुकूल प्राकृतिक आवास में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया।
वाइल्डलाइफ एसओएस के कंजर्वेशन प्रोजेक्ट्स के डायरेक्टर और हर्पेटोलॉजिस्ट (सरीसृप विशेषज्ञ) बैजू राज एम.वी. ने कहा कि इंडियन रॉक पायथन (अजगर) बिना ज़हर वाली सांप की प्रजाति हैं, जो पारिस्थितिक संतुलन बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
वाइल्डलाइफ एसओएस की सह-संस्थापक और सचिव, गीता शेषमणि ने कहा कि वन्यजीवों से सामना ऐसी जगहों पर भी हो सकता है जहां इसकी उम्मीद न हो, यहाँ तक कि ताजमहल जैसी ऐतिहासिक विश्व धरोहर के परिसर में भी। ऐसी हर घटना लोगों को यह याद दिलाने का एक मौका है कि वन्यजीव हमारे साझा पर्यावरण का एक अहम हिस्सा हैं।
बता दें कि इंडियन रॉक पायथन (पायथन मोल्यूरस) भारतीय उपमहाद्वीप में पाई जाने वाली सबसे बड़ी साँप प्रजातियों में से एक है।