कलाकुंज जैन मंदिर में आचार्यश्री सौभाग्य सागर का मंगल प्रवेश, 108 कलशों से हुआ भगवान महावीर का महामस्तकाभिषेक
आगरा। कलाकुंज-मारुति स्टेट स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में गुरुवार को आचार्यश्री सौभाग्य सागर महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश हुआ। आचार्यश्री के मंदिर परिसर में आगमन पर कलाकुंज जैन समाज के श्रद्धालुओं ने जयकारों और मंगल गीतों के साथ उनकी भावपूर्ण अगवानी की। संपूर्ण मंदिर परिसर भगवान महावीर स्वामी के जयघोष से गुंजायमान रहा और बड़ी संख्या में भक्तों ने आचार्यश्री के दर्शन कर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
मंगल प्रवेश के पश्चात आचार्यश्री के सान्निध्य में विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ भगवान महावीर स्वामी का 108 कलशों से भव्य महामस्तकाभिषेक किया गया। श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से जलाभिषेक और पूजन कर धर्मलाभ अर्जित किया। इसके साथ ही विश्व में सुख, शांति और समृद्धि की कामना के साथ श्रीजी की वृहद शांतिधारा भी संपन्न कराई गई।
धर्मसभा को संबोधित करते हुए आचार्यश्री ने श्रद्धालुओं को धर्म, संयम, सदाचार और जिनवाणी के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने जीवन में धार्मिक संस्कारों को अपनाकर आत्मकल्याण की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि आचार्यश्री सौभाग्य सागर महाराज ससंघ का मंगल विहार शुक्रवार, 13 नवंबर को प्रातः 7 बजे कलाकुंज जैन मंदिर से प्रारंभ होकर बोदला चौराहा होते हुए सेक्टर-4 स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर के लिए होगा।
इस अवसर पर रविन्द्र जैन, राजेन्द्र जैन, अजय जैन, आदित्य जैन, राजीव जैन, दीपांक जैन, रिखबचंद जैन, महेश जैन, दीपचंद जैन, दिव्यांशु जैन, कपिल जैन, रोहित जैन, विकास जैन, दीपक जैन और शुभम जैन सहित कलाकुंज मंदिर कमेटी के समस्त पदाधिकारी एवं समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।