बरेली जंक्शन पर स्वाद का नया ठिकाना बनेगा फूड ट्रक, बर्फी से बर्गर तक मिलेगा जायका, पीपी मॉडल पर संचालन के लिए जल्द होंगे टेंडर

-आरके सिंह- बरेली। बरेली जंक्शन पर यात्रियों को ताजा, गुणवत्तापूर्ण और किफायती खानपान उपलब्ध कराने के लिए रेलवे फूड ट्रक शुरू करने की तैयारी कर रहा है। जंक्शन की सेकंड एंट्री की ओर रेलवे की खाली पड़ी जमीन पर प्रस्तावित इस सुविधा में बरेली की मशहूर बर्फी के साथ चाय, कॉफी, चाऊमीन, पाव, बर्गर और अन्य स्नैक्स उपलब्ध कराने की योजना है। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द टेंडर जारी किए जाएंगे।

Nov 11, 2026 - 22:02
 0
बरेली जंक्शन पर स्वाद का नया ठिकाना बनेगा फूड ट्रक, बर्फी से बर्गर तक मिलेगा जायका, पीपी मॉडल पर संचालन के लिए जल्द होंगे टेंडर
प्रतीकात्मक इमेज।

मुख्य वाणिज्य निरीक्षक मोहम्मद इमरान चिश्ती ने बताया कि बरेली जंक्शन पर रेलवे फूड ट्रक पीपी मॉडल पर संचालित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्टेशन परिसर में एक ही स्थान पर विभिन्न प्रकार के व्यंजन उपलब्ध कराना है। फूड ट्रक के काउंटर से नाश्ता, चाय, कॉफी, भोजन और पैक्ड खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी।

चिश्ती के अनुसार, प्रस्तावित फूड ट्रक के लिए जंक्शन की सेकंड एंट्री की तरफ खाली पड़ी रेलवे भूमि का उपयोग किया जाएगा। इससे यात्रियों के लिए खानपान का एक अतिरिक्त विकल्प तैयार होगा। साथ ही स्थानीय कारोबारियों और खाद्य व्यवसाय से जुड़े लोगों को रोजगार तथा कारोबार के अवसर मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि संचालन में स्वच्छता, खाद्य गुणवत्ता और उचित मूल्य पर विशेष जोर रहेगा। खाद्य सुरक्षा के लिए भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के नियमों का पालन अनिवार्य होगा। रेलवे की खानपान व्यवस्था में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) और रेलवे के वाणिज्यिक विभाग की भी भूमिका रहती है।

बरेली में पहले से उपलब्ध रेल कैफे सुविधाओं के बाद फूड ट्रक खानपान व्यवस्था में नया विकल्प होगा। बरेली जंक्शन पर रॉयल रेल कैफे और इज्जतनगर स्टेशन पर रेल कैफे संचालित हैं। चिश्ती ने इज्जतनगर के रेल कैफे की गुणवत्ता की सराहना करते हुए कहा कि यात्रियों को बेहतर खानपान उपलब्ध कराना रेलवे की प्राथमिकताओं में शामिल है।

अन्य स्टेशनों पर विकसित खानपान सुविधाओं का उल्लेख करते हुए चिश्ती ने बताया कि जयपुर रेलवे स्टेशन पर फूड ट्रक की थीम पर आधारित ‘रेलवे चौपाटी’ शुरू की गई है। वहां राजस्थानी व्यंजनों के साथ दक्षिण भारतीय और इटैलियन खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। बरेली जंक्शन की प्रस्तावित सुविधा में स्थानीय स्वाद को पहचान देने के लिए बरेली की बर्फी भी शामिल रहेगी।

चिश्ती के मुताबिक, भारतीय रेलवे का पहला फूड ट्रक नवंबर 2020 में पुणे रेलवे स्टेशन पर शुरू किया गया था, जहां वड़ा पाव, बर्गर, रैप्स और अन्य स्नैक्स उपलब्ध कराए गए। उन्होंने सियालदह सहित कोलकाता के प्रमुख स्टेशनों पर डबल-डेकर फूड वैन की व्यवस्था का भी उल्लेख किया। उनके अनुसार, ऐसी वैन में निचले हिस्से में स्नैक्स और पेय पदार्थों के काउंटर तथा ऊपरी हिस्से में बैठकर खाने के लिए डाइनिंग एरिया बनाया गया है।

ट्रेन में अपनी सीट पर भोजन मंगाने की सुविधा का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक ई-कैटरिंग वेबसाइट या ‘फूड ऑन ट्रैक’ ऐप का उपयोग कर सकते हैं। बरेली जंक्शन का प्रस्तावित फूड ट्रक स्टेशन परिसर में खानपान उपलब्ध कराने की अलग सुविधा होगा। फिलहाल इसकी शुरुआत की तारीख घोषित नहीं की गई है; टेंडर और आगे की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संचालन की स्थिति स्पष्ट होगी।

SP_Singh AURGURU Editor