'लीडर्स आगरा अवार्ड्स' के 15वें संस्करण का शंखनाद, कैला मैया को अर्पित किया पहला निमंत्रण पत्र, तीन जनवरी 2027 को एमडी जैन के नवनिर्मित हॉल में होगा आयोजन

आगरा। आगरा की सामाजिक संस्था 'लीडर्स आगरा' और 'तपन ग्रुप' द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित होने वाले 15वें लीडर्स आगरा अवार्ड्स समारोह का शंखनाद हो चुका है। इस ऐतिहासिक और गरिमामयी समारोह का आयोजन आगामी 3 जनवरी 2027 को आगरा के हरीपर्वत स्थित एम.डी. जैन इंटर कॉलेज परिसर स्थित नवनिर्मित हॉल में होने जा रहा है।

Nov 11, 2026 - 22:48
 0
'लीडर्स आगरा अवार्ड्स' के 15वें संस्करण का शंखनाद, कैला मैया को अर्पित किया पहला निमंत्रण पत्र, तीन जनवरी 2027 को एमडी जैन के नवनिर्मित हॉल में होगा आयोजन
करौली स्थित कैला मैया के भवन में मौजूद लीडर्स आगरा के महामंत्री सुनील जैन और अन्य पदाधिकारी।

संस्था की यह अटूट परंपरा और आस्था रही है कि इस भव्य आयोजन की तैयारियों से लेकर इसके सफल समापन तक का पूरा सफर करौली वाली कैला मैया के परम आशीर्वाद से ही संपन्न होता है। हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी कार्यक्रम को निर्विघ्न और भव्यता से संपन्न कराने की अनुमति मांगने के लिए कैला माँ के दरबार में विशेष अर्जी लगाई गई।

माता के चरणों में अर्पित किया पहला निमंत्रण पत्र

आज कैला माँ का पावन आशीर्वाद पाने के लिए 'लीडर्स आगरा' का एक प्रतिनिधिमंडल मां के भवन पहुँचा। प्रतिनिधिमंडल ने विधिवत पूजा-अर्चना और मंत्रोच्चार के बीच माँ के चरणों में माथा टेका। इसके साथ ही आगामी 3 जनवरी 2027 को आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में पधारने के लिए संस्था का पहला आमंत्रण कार्ड श्रद्धापूर्वक माता रानी के चरणों में समर्पित किया गया।

20 श्रेणियों में चुनी गईं विभूतियों का होगा सम्मान

महामंत्री सुनील जैन ने बताया कि इस 15वें लीडर्स आगरा अवार्ड्स समारोह में समाज, कला, शिक्षा, चिकित्सा, उद्योग और समाजसेवा सहित कुल 20 महत्वपूर्ण श्रेणियों (कैटेगरीज) में चयनित देश और प्रदेश की जानी-मानी विभूतियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल में ये रहे मौजूद

माँ कैला देवी के दरबार में हाजिरी लगाने और आमंत्रण सौंपने वाले लीडर्स आगरा परिवार के इस प्रतिनिधिमंडल में संस्था के महामंत्री सुनील जैन, ओमप्रकाश मेडतवाल, राहुल जैन, करनसिंह, पंकज अग्रवाल और नितिन अग्रवाल सहित कई गणमान्य सदस्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor