छिबरामऊ के युवा अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद

-संजीव शुक्ला- कन्नौज। छिबरामऊ में मामूली विवाद के बाद युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित और उसकी मां मुन्नी देवी को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी 7.65 एमएम (.32 बोर) पिस्टल और तीन कारतूस बरामद किए हैं। इनमें एक कारतूस पिस्टल की मैगजीन में, दूसरा नाल में फंसा हुआ और तीसरा अलग से मिला है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय में पेश किया।

Nov 10, 2026 - 22:23
 0
छिबरामऊ के युवा अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित गिरफ्तार; वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल व तीन कारतूस बरामद
युवा अधिवक्ता अनुज चतुर्वेदी हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी कांग्रेस नेता अमोल दीक्षित।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर 2026 को छिबरामऊ के मोहल्ला सुभाषनगर निवासी अंकित चतुर्वेदी पुत्र गणेश शंकर चतुर्वेदी ने थाने में तहरीर देकर बताया कि उनके चचेरे भाई अभिषेक चतुर्वेदी के साथ अमोल दीक्षित ने पीछे से हाथ मार दिया था। इस बात की शिकायत करने के लिए अंकित अपने भाई अनुज चतुर्वेदी, दीपक पाठक और चचेरे भाई अभिषेक के साथ अमोल के घर पहुंचे थे।

आरोप है कि वहां अमोल दीक्षित गाली-गलौज करने लगा। इसी दौरान उसकी मां मुन्नी देवी और पिता अवध बिहारी दीक्षित ने जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर अमोल दीक्षित ने अंकित के भाई अनुज चतुर्वेदी को जान से मारने की नीयत से गोली मार दी। गोली लगने से अनुज की मृत्यु हो गई। तहरीर के आधार पर पुलिस ने अमोल दीक्षित, उसके पिता अवध बिहारी दीक्षित और मां मुन्नी देवी के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 499/2026 दर्ज किया। इसमें भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 115(2), 352, 351(3), 3(5) तथा शस्त्र अधिनियम की धाराओं में कार्रवाई की गई।

अलग-अलग स्थानों से दबोचे गए मां-बेटे

पुलिस अधीक्षक कन्नौज विनोद कुमार के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी छिबरामऊ मयंक मिश्रा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी अमोल दीक्षित को 10 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे फर्रुखाबाद रोड पर काली नदी से पहले कच्चे रास्ते से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल लाइसेंसी 7.65 एमएम (.32 बोर) पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन में एक जिंदा कारतूस था, जबकि एक कारतूस उसकी नाल में फंसा मिला। इसके अलावा एक अन्य जिंदा कारतूस भी बरामद किया गया।

इसी मामले में वांछित मुन्नी देवी पत्नी अवध बिहारी दीक्षित को पुलिस ने 10 नवंबर को दोपहर करीब 12:10 बजे विशुनगढ़ रोड पर ग्राम कुँवरपुर बनवारी के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक कपिल दुबे, अतिरिक्त निरीक्षक संतोष सिंह चंदेल, उपनिरीक्षक सुरेश कुमार चतुर्वेदी, हेड कांस्टेबल सुखवीर सिंह, कांस्टेबल विपिन कुमार, नरेश गुर्जर, नीरज कुमार, महिला कांस्टेबल आरती और अनूपा तिवारी शामिल रहे।

SP_Singh AURGURU Editor