ताजमहल से आगे आगरा की आध्यात्मिक विरासत, ‘आगरा के मंदिर’ पुस्तक बाबा बल्केश्वर महादेव को समर्पित
आगरा की धार्मिक और आध्यात्मिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता की पुस्तक ‘आगरा के मंदिर’ मंगलवार को बाबा बल्केश्वर महादेव को समर्पित की गई। 100 पृष्ठों की इस रंगीन पुस्तक में शहर के प्रमुख मंदिरों का इतिहास, प्रमाणिक जानकारी और चित्र शामिल हैं। कार्यक्रम में संत अरविंद जी महाराज, महंत सुनीलकांत नागर, महंत कपिल नागर, हरिमोहन गोस्वामी और डॉ. विजय किशोर बंसल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता की 100 पृष्ठों की रंगीन पुस्तक में शहर के प्रमुख मंदिरों का इतिहास और प्रमाणिक जानकारी संकलित
आगरा। ताजमहल की पहचान से दुनिया भर में मशहूर आगरा की एक दूसरी पहचान भी है। यह शहर मंदिरों, शिवालयों और भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से जुड़ी आध्यात्मिक विरासत का केंद्र रहा है। इसी धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से साहित्यसेवी आदर्श नंदन गुप्ता द्वारा लिखित पुस्तक ‘आगरा के मंदिर’ मंगलवार को बाबा बल्केश्वर महादेव को समर्पित की गई। बल्केश्वर स्थित मंदिर में आयोजित कार्यक्रम में संतों, समाजसेवियों और साहित्यप्रेमियों ने पुस्तक का महत्व बताते हुए इसे शहर की आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया।
पुस्तक के मार्गदर्शक वरिष्ठ समाजसेवी एवं उद्योगपति डॉ. विजय किशोर बंसल हैं। उन्होंने अपने आलेख में आगरा के आध्यात्मिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा है कि शहर के मंदिरों और धार्मिक परंपराओं की जानकारी युवा पीढ़ी तक पहुंचनी चाहिए। पुस्तक के माध्यम से इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास किया गया है।
कार्यक्रम में विख्यात मानस मर्मज्ञ संत अरविंद जी महाराज ने कहा कि आगरा के मंदिरों पर लिखी गई यह पुस्तक शोधपरक है। गहन अध्ययन के बाद इसमें मंदिरों से संबंधित प्रमाणिक जानकारियां संकलित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक साहित्य आज की सबसे बड़ी जरूरत है। सोशल मीडिया के माध्यम से किसी मंदिर का प्रचार तो किया जा सकता है, लेकिन उसकी प्रमाणिक जानकारी पुस्तकों के माध्यम से ही लंबे समय तक सुरक्षित रहती है।
बल्केश्वर मंदिर के महंत सुनीलकांत नागर ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी आध्यात्म से दूर होती जा रही है। इसका एक प्रमुख कारण आध्यात्म के वास्तविक स्वरूप और धार्मिक विरासत की जानकारी का अभाव है। यह पुस्तक युवाओं को आगरा के मंदिरों और उनकी आध्यात्मिक परंपराओं से परिचित कराने में सहायक होगी। मंदिर के महंत कपिल नागर ने लेखक आदर्श नंदन गुप्ता के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने पहले भी बल्केश्वर महादेव मंदिर पर एक पुस्तक लिखी थी, जिसे काफी सराहना मिली और वह प्रमाणिक जानकारी के लिए चर्चित रही।
प्रेमनिधि मंदिर के सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने कहा कि आगरा का भगवान श्रीकृष्ण से गहरा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक संबंध है। इसी कारण पुस्तक में श्रीकृष्ण से जुड़े मंदिरों का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि मंदिरों पर आधारित यह पुस्तक आगरा की धार्मिक विरासत को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी। सेंट एंड्रयूज स्कूल के सीएमडी डॉ. गिरधर शर्मा ने भी पुस्तक के प्रयास की सराहना करते हुए अपने विचार व्यक्त किए।
लेखक आदर्श नंदन गुप्ता ने बताया कि 100 पृष्ठों की इस रंगीन पुस्तक में आगरा के प्रमुख मंदिरों की जानकारी संकलित की गई है। कुछ मंदिरों का विस्तृत विवरण दिया गया है, जबकि कुछ के केवल चित्र प्रकाशित किए गए हैं। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों की सूची भी पुस्तक में शामिल की गई है। उन्होंने बताया कि पुस्तक तैयार करने में वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विजय किशोर बंसल का मार्गदर्शन मिला।
पुस्तक के तथ्यों और सामग्री के शुद्धिकरण में इतिहासकार राज किशोर राजे, सेवा प्रसून के पूर्व संपादक अवधेश उपाध्याय, चंद्रशेखर गुप्ता (गाजियाबाद), साहित्यसेवी संजय गुप्ता, शरद गुप्ता, शीतल सिंह माया और भोलानाथ अग्रवाल का सहयोग रहा। कार्यक्रम में बल्केश्वर महादेव मंदिर के सेवक अर्चित पांड्या ने अतिथियों का स्वागत किया।
‘आगरा के मंदिर’ पुस्तक के माध्यम से शहर की उन धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों को सामने लाने का प्रयास किया गया है, जो ताजमहल की वैश्विक पहचान के बीच अक्सर चर्चा में पीछे रह जाती हैं। यह पहल आगरा की आध्यात्मिक पहचान और मंदिरों के इतिहास को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।