आधी रात में भाजपा नेता की स्कॉर्पियो को बनाया निशाना, पेट्रोल डालकर लगाई आग
आगरा के थाना एत्माददुद्दौला क्षेत्र के फेस-2 में सोमवार देर रात अज्ञात युवक ने घर के बाहर खड़ी भाजपा नेता की स्कॉर्पियो कार में आग लगा दी। कुछ ही देर में पूरी गाड़ी आग की चपेट में आ गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आया है, जिसमें एक युवक कार में आग लगाता दिखाई दे रहा है। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और आग लगाने के कारणों की जांच कर रही है।
एत्माददुद्दौला के फेस-2 में घर के बाहर खड़ी थी स्कॉर्पियो, आग की लपटों में घिरी पूरी गाड़ी; सीसीटीवी फुटेज में आग लगाता दिखा संदिग्ध युवक, पुलिस तलाश में जुटी
आगरा। घर के बाहर खड़ी कार भी अब सुरक्षित नहीं रह गई हैं। आगरा में सोमवार देर रात एक ऐसी वारदात सामने आई, जिसने इलाके में सनसनी फैला दी। थाना एत्माददुद्दौला क्षेत्र में अज्ञात युवक ने घर के बाहर खड़ी भाजपा नेता की स्कॉर्पियो कार को आग के हवाले कर दिया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप ले लिया और देखते ही देखते पूरी गाड़ी धू-धूकर जलने लगी। आसपास के लोगों ने जब कार से ऊंची-ऊंची लपटें उठती देखीं तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस दुस्साहसिक वारदात का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें एक युवक स्कॉर्पियो के पास पहुंचकर उसमें आग लगाता दिखाई दे रहा है। फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
पानी की टंकी के पास खड़ी थी कार, देर रात लगाई आग
घटना थाना एत्माददुद्दौला क्षेत्र के फेस-2 स्थित पानी की टंकी के पास की बताई जा रही है। सोमवार देर रात भाजपा नेता की स्कॉर्पियो घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और कथित तौर पर ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल कर कार में आग लगा दी। आग लगते ही लपटें तेजी से फैलने लगीं। कुछ ही देर में पूरी स्कॉर्पियो आग की चपेट में आ गई। अचानक उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। लोगों के बीच दहशत का माहौल बन गया। कार को आग के हवाले करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
सीसीटीवी में कैद हुई पूरी करतूत
इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। फुटेज में एक युवक स्कॉर्पियो के पास पहुंचकर आग लगाता नजर आ रहा है। माना जा रहा है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने से पहले आसपास की गतिविधियों पर नजर रखी होगी। हालांकि, युवक की पहचान और वारदात में इस्तेमाल किए गए ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
भाजपा नेता की कार होने से बढ़ी चर्चा
स्कॉर्पियो भाजपा नेता की बताई जा रही है। ऐसे में यह घटना केवल वाहन में आग लगाने तक सीमित है या इसके पीछे कोई व्यक्तिगत रंजिश अथवा अन्य वजह है, इसको लेकर भी चर्चाएं हो रही हैं। फिलहाल आग लगाने का मकसद स्पष्ट नहीं है। सूचना मिलने पर थाना एत्माद्दौला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने में जुटी है। साथ ही घटना के पीछे की वजह और संभावित रंजिश के पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।