आगरा में गोवर्धन पूजा की धूम, मंदिरों में गूंजे ‘जय गोवर्धन महाराज’ के जयकारे
आगरा में मंगलवार को गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया गया। इस्कॉन मंदिर में छप्पन भोग, पंचामृत अभिषेक और संकीर्तन हुआ। जीवनी मंडी के खाटू श्याम मंदिर में गोबर से गोवर्धन महाराज का भव्य स्वरूप सजाया गया, जबकि वजीरपुर के प्राचीन सीताराम मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के विशाल स्वरूप के दर्शन और अन्नकूट प्रसादी का आयोजन हुआ। तीनों मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना और परिक्रमा की।
इस्कॉन मंदिर में छप्पन भोग से सजे गोवर्धन महाराज, खाटू श्याम मंदिर में गोबर से बनाया भव्य स्वरूप, वजीरपुर के सीताराम मंदिर में उमड़े श्रद्धालु, अन्नकूट प्रसादी का किया वितरण
आगरा। दीपोत्सव के पांच दिवसीय पर्व की श्रृंखला में मंगलवार को शहरभर में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। कहीं गोबर से गोवर्धन महाराज का भव्य स्वरूप तैयार किया गया तो कहीं छप्पन भोग सजाकर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन पर्वत की पूजा-अर्चना की गई। मंदिरों में पंचामृत अभिषेक, संकीर्तन, परिक्रमा और अन्नकूट प्रसादी के आयोजन हुए। ‘जय गोवर्धन महाराज’ और ‘हरे राम-हरे कृष्ण’ के जयकारों से धर्मनगरी का वातावरण भक्तिमय हो उठा।
इस्कॉन मंदिर में छप्पन भोग के साथ मना अन्नकूट महोत्सव
श्रीजगन्नाथ मंदिर (इस्कॉन) में अन्नकूट महोत्सव धूमधाम से मनाया गया। श्रद्धालु अपने घरों से छप्पन भोग के लिए तरह-तरह के व्यंजन बनाकर मंदिर पहुंचे। सुबह 4:30 बजे मंगला आरती के बाद इस्कॉन आगरा के अध्यक्ष अरविंद प्रभु ने गोवर्धन महिमा की कथा सुनाकर महोत्सव का शुभारंभ किया।
शंखनाद, मृदंग और मंजीरों की धुन पर हरे राम-हरे कृष्ण संकीर्तन करते हुए श्रद्धालु गोवर्धन शिला को डोले में विराजमान कर पंडाल तक लेकर पहुंचे। यहां विधि-विधान से पंचामृत अभिषेक किया गया। अभिषेक के लिए भक्त अपने घरों से दूध, दही, घी, शहद सहित अन्य सामग्री लेकर आए थे। मंदिर में ग्वाल-बालों के साथ भगवान श्रीकृष्ण द्वारा गोवर्धन पर्वत धारण करने की आकर्षक झांकी सजाई गई। छप्पन भोग अर्पित करने के बाद आरती हुई और श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई। संध्या काल में कार्तिक मास के गोपीगीत और दीपदान का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर नितेश अग्रवाल, आशू मित्तल, सुशील अग्रवाल, शैलेन्द्र अग्रवाल, कान्ता प्रसाद अग्रवाल, राजेश उपाध्याय, संजीव बंसल, शैलेश बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, संजय कुकरैजा, राजेश मल्होत्रा, संजीव मित्तल, देव केशव, राजेश गर्ग, सुनील मनचंदा और अदिति गौरांगी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
खाटू श्याम मंदिर में गोबर से बनाया गोवर्धन महाराज का भव्य स्वरूप
जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में गोवर्धन महोत्सव धार्मिक उल्लास के साथ मनाया गया। मंदिर परिसर के बाहर गोबर से गोवर्धन महाराज का भव्य स्वरूप तैयार किया गया। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल, सचिव संजय अग्रवाल, उपाध्यक्ष कन्हैया लाल अग्रवाल, हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, अमित गोयल, विपिन बंसल, विकास गोयल और प्रेम चंद्र अग्रवाल ने विधि-विधान से पूजन कर महोत्सव का शुभारंभ किया।
इसके बाद परिवार सहित पहुंचे श्रद्धालुओं ने गोवर्धन महाराज की पूजा-अर्चना और परिक्रमा कर सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि गोवर्धन पूजन उत्सव पर श्री श्याम सेवा के अंतर्गत खाटू नरेश की श्रृंगार एवं पोशाक सेवा कृष्णा, गोवर्धन सेवा अभिनव भार्गव, अन्नकूट सेवा अर्पित मित्तल तथा लाइटिंग और भंडारा सेवा विजय गुप्ता की ओर से की गई।
गोवर्धन पूजन के बाद अन्नकूट प्रसादी का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। इस दौरान नीले और बैंगनी पुष्पों से सजे बाबा श्याम के मनोहारी दरबार और आकर्षक विद्युत सज्जा ने भक्तों का मन मोह लिया। मंदिर परिसर ‘पूंछरी के लौठा’ और ‘जय गोवर्धन महाराज’ के जयकारों से गूंजता रहा।
सीताराम मंदिर में कृष्ण के विराट स्वरूप के किए दर्शन
वजीरपुर स्थित प्राचीन सीताराम मंदिर में भी गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट प्रसादी का आयोजन भव्यता के साथ किया गया। महंत अनंत उपाध्याय, पंडित मुकेश शर्मा और पंकज शास्त्री के मार्गदर्शन में पूजन हुआ। श्री कृष्ण लीला महोत्सव समिति के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने पूजन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर महंत अनंत उपाध्याय ने गोवर्धन पूजा का धार्मिक महत्व बताते हुए कहा कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली पर गोवर्धन पर्वत धारण कर ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाया था। यह पर्व प्रकृति, गौवंश और पर्यावरण संरक्षण के साथ भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अटूट श्रद्धा का संदेश देता है।
मंदिर में गोबर से निर्मित भगवान श्रीकृष्ण के विशाल स्वरूप के दर्शन करने के लिए श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने दुग्ध अर्पित कर आरती उतारी। इसके बाद ‘मानसी गंगा हर गंगे, गोवर्धन की परिक्रमा दो’ के जयकारों के बीच गोवर्धन महाराज की परिक्रमा लगाई गई। अंत में आयोजित अन्नकूट प्रसादी में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस अवसर पर अजय उपाध्याय, अरुण उपाध्याय, लता, ममता, आयुष, वंदना, संजय, हनी, अशोक अग्रवाल, कृष्णा मिठास, संदीप अग्रवाल, नेशनल चैंबर के अध्यक्ष मनोज बंसल, प्रशांत जैन और निशी नेहरू सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
मंदिरों में भक्ति और सेवा का संगम
शहर के अलग-अलग मंदिरों में आयोजित गोवर्धन पूजा ने आगरा की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा को जीवंत कर दिया। कहीं छप्पन भोग तो कहीं अन्नकूट प्रसादी के माध्यम से भगवान को भोग अर्पित किया गया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना, परिक्रमा और संकीर्तन में भाग लेकर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। पूरे शहर में गोवर्धन महाराज के जयकारों के बीच दीपोत्सव का उल्लास और भक्ति का रंग दिखाई दिया।