हाथों में निशान, जुबां पर बाबा का नाम, श्याम भक्ति में सराबोर हुई ताजनगरी
आगरा में श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक श्री श्याम तीज महोत्सव के उपलक्ष्य में मंगलवार को भव्य आमंत्रण एवं निशान यात्रा निकाली गई। श्री मनःकामेश्वर मंदिर से शुरू हुई यात्रा जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पांव निशान लेकर शामिल हुए। गणेश जी, राम दरबार, महाकाल और राधा-कृष्ण सहित 15 आकर्षक झांकियां यात्रा का मुख्य आकर्षण रहीं। 12 नवंबर को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में भव्य श्याम अखाड़ा सजेगा।
श्री मनःकामेश्वर मंदिर से जीवनी मंडी खाटू श्याम मंदिर तक निकली आमंत्रण यात्रा, 15 आकर्षक झांकियों ने मोहा मन, 12 नवंबर को एमडी जैन मैदान में सजेगा भव्य श्याम अखाड़ा
आगरा। बाबा श्याम की भक्ति, आस्था और समर्पण के अद्भुत संगम से मंगलवार को ताजनगरी श्याममय हो उठी। श्री श्याम आस्था परिवार आगरा खाटू धाम के 14वें वार्षिक उत्सव श्री श्याम तीज महोत्सव के अंतर्गत भव्य आमंत्रण एवं निशान यात्रा निकाली गई। हाथों में श्याम ध्वजा और निशान थामे सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पांव अपने आराध्य के दर्शन के लिए निकले। रास्ते भर गूंजते बाबा श्याम के जयकारों और भजनों की स्वर लहरियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
रावतपाड़ा स्थित श्री मनःकामेश्वर मंदिर में भाजपा महानगर महिला मोर्चा की उपाध्यक्ष वंदना सिंह ने बाबा श्याम के डोले की आरती उतारकर आमंत्रण यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा श्री मनःकामेश्वर मंदिर, रावत पाड़ा से प्रारंभ होकर रामबारात मार्ग से होती हुई जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यहां श्रद्धालुओं ने निशान अर्पित कर बाबा श्याम के चरणों में शीश नवाया और 12 नवंबर को आयोजित होने वाले श्री श्याम तीज महोत्सव में सभी भक्तों के मंगलमय आगमन की अरदास की।
आमंत्रण यात्रा में सबसे आगे गणेश जी की सवारी चल रही थी। इसके पीछे राम दरबार, महाकाल, राधा-कृष्ण की मनोहारी झांकियां और भव्य श्याम दरबार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। डोले में शामिल 15 अन्य आकर्षक झांकियों ने धार्मिक प्रसंगों को जीवंत कर दिया। दो बैंडों की मधुर धुनों पर बजते भजनों के बीच यात्रा मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बाबा श्याम के भव्य स्वरूप के दर्शन के लिए मार्ग में लोगों की भीड़ उमड़ती रही।
अध्यक्ष दिव्य मेड़तवाल एवं कोषाध्यक्ष संजय मित्तल ने बताया कि श्री श्याम आस्था परिवार लगातार 14 वर्षों से बाबा श्याम की भक्ति और सेवा के संकल्प के साथ वार्षिक उत्सव आयोजित कर रहा है। इस वर्ष भी महोत्सव को भव्य और दिव्य स्वरूप दिया जा रहा है। मंत्री विपिन मित्तल एवं मीडिया प्रभारी सुमित मित्तल कि 12 नवंबर को हरीपर्वत स्थित एमडी जैन मैदान में शाम चार बजे से भव्य श्री श्याम अखाड़ा सजेगा। इसमें देशभर से आए भजन गायक अपने मधुर भजनों से बाबा श्याम का गुणगान करेंगे। भव्य दरबार, मधुर संकीर्तन और इत्र-पुष्प वर्षा महोत्सव को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।
महामंत्री आयुष जैन एवं महासचिव राजीव तिवारी ने बताया कि महोत्सव से पूर्व बुधवार को शाम पांच बजे पार्क वैली अपार्टमेंट, बैनाारा फैक्ट्री के पास, बोदला में श्री श्याम नाम की मेहंदी एवं अरदास-कीर्तन का आयोजन होगा। इसमें श्याम भक्त बाबा के नाम की मेहंदी लगाकर भक्ति के रंग में सराबोर होंगे।
संस्थापक राहुल बंसल एवं संरक्षक वीरेंद्र मेड़तवाल ने बताया कि संस्था का उद्देश्य भक्ति को सेवा से जोड़ना है। आमंत्रण यात्रा में सचिव गोपाल सारस्वत, उपाध्यक्ष अजय बंसल एवं नितेश अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, जगदीश, सतीश, धर्म, अमित अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे, रोहित अग्रवाल, रामगोपाल गर्ग आदि श्याम भक्त उपस्थित रहे।