आगरा में 108 समवशरण महामंडल विधान का शुभारंभ, 108 कलशों के साथ निकली घटयात्रा; मुनि समत्व सागर महाराज ने कहा- बाहरी श्रृंगार नहीं, अंतरंग भावों की पवित्रता बनाती है जीवन मंगलमय
आगरा। छीपीटोला स्थित निर्मल सेवा सदन में मंगलवार को जैन धर्म के 108 समवशरण महामंडल विधान महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। संत चर्या शिरोमणि पट्टाचार्य आचार्य भगवंत श्री 108 विशुद्ध सागर जी महामुनिराज के परम प्रभावक शिष्य जगत विख्यात 'गूगल बाबा' श्रमण मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज, श्रमण मुनि श्री 108 शील सागर महाराज और श्रमण मुनि श्री 108 सुप्रभात सागर महाराज के ससंघ सानिध्य में आयोजित सात दिवसीय महोत्सव के पहले दिन 108 कलशों के साथ भव्य घटयात्रा निकाली गई। ढोल-नगाड़ों, बैंड की मधुर धुनों और जैन धर्म के जयकारों के बीच निकली यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। 10 से 16 नवंबर तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन से निर्मल सेवा सदन परिसर भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से सराबोर हो उठा।

महोत्सव का शुभारंभ नारियल फोड़कर किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर से भव्य घटयात्रा रवाना हुई। सबसे आगे ढोल-नगाड़े चल रहे थे और महिलाएं सिर पर 108 मंगल कलश धारण कर चल रही थीं। यात्रा में इंद्र-इंद्राणियों के साथ विभिन्न बग्गियों पर सौधर्म इंद्र, कुबेर इंद्र, महायज्ञनायक, यज्ञनायक इंद्र, ईशान इंद्र, महेंद्र इंद्र, सनत इंद्र और ब्रह्म इंद्र सहित अन्य पात्र विराजमान थे। इसके पीछे बैंड की मधुर धुनों पर महिलाएं भजन और संगीत की लय पर झूमती हुई चल रही थीं। 'तुमसे लगी लगन' भजन ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
घटयात्रा के कार्यक्रम स्थल पहुंचने पर ब्रह्मचारी तरुण भैया ने धार्मिक क्रियाएं संपन्न कराईं। इसके बाद मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ मांगलिक कार्यक्रम हुए। रमेश जैन टायर वाले एवं उनके परिवार ने रूप ध्वजारोहण किया, जबकि राजीव कुमार जैन (राधिका ट्रेवल्स) परिवार ने पांडाल का उद्घाटन किया। इन मांगलिक क्रियाओं के साथ महामंडल विधान की विधिवत शुरुआत हुई।
बाहरी श्रृंगार से अधिक महत्वपूर्ण अंतरंग भावों की पवित्रता
प्रथम दिन धर्मसभा को संबोधित करते हुए मुनि श्री 108 समत्व सागर महाराज ने कहा कि मनुष्य को अपने भीतर साक्षात भगवान के दर्शन करने का भाव विकसित करना चाहिए। जब व्यक्ति के मन में साक्षात दर्शन की भावना जागृत होती है, तभी कृत्रिम जिनालय और चैत्यालय में की गई वंदना उसे साक्षात जिनेंद्र भगवान के चरणों तक पहुंचने का माध्यम बनती है।
उन्होंने कहा कि मनुष्य अक्सर अपने जीवन में होने वाली घटनाओं के कारणों को समझे बिना भ्रमित रहता है। बाहरी रूप से सभी लोगों का श्रृंगार और सजावट एक जैसी दिखाई दे सकती है, लेकिन वास्तविक अंतर उनके अंतरंग परिणामों और भावों में होता है। व्यक्ति ने अपने भीतर कितनी पवित्रता और सद्भाव का श्रृंगार किया है, यही उसके व्यक्तित्व की वास्तविक पहचान है।
मुनि श्री ने कहा कि मनुष्य के मुख से वही बातें निकलती हैं, जिनका विचार पहले उसके मस्तिष्क और हृदय में जन्म लेता है। मन में जैसे भाव उठते हैं, वैसा ही प्रतिबिंब उसके आचरण और जीवन में दिखाई देता है। इसलिए जरूरी है कि व्यक्ति अपने विचारों को मंगलमय बनाए।
श्रद्धालुओं ने लिया धार्मिक अनुष्ठानों में भाग
10 से 16 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव के प्रथम दिन बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालुओं ने धार्मिक अनुष्ठानों में भाग लिया। घटयात्रा से लेकर ध्वजारोहण, पांडाल उद्घाटन और धर्मसभा तक पूरे आयोजन में श्रद्धा, भक्ति और अनुशासन का वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर श्रुत मंथन वर्षायोग समिति के मनोज जैन, प्रवीन जैन, विवेक जैन, चक्रेश जैन, आशु जैन, रोहित जैन, विन्नु जैन, नानू जैन और मीडिया प्रभारी राहुल जैन सहित समस्त मंडल एवं सकल जैन समाज के लोग उपस्थित रहे। आयोजन में श्रद्धालुओं की सक्रिय सहभागिता रही।