बरेली में मॉर्निंग वॉक पर निकले पेट्रोल पंप कारोबारी को अज्ञात वाहन ने कुचला, दर्दनाक मौत
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली में मंगलवार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले शहर के प्रतिष्ठित पेट्रोल पंप कारोबारी विनय गुप्ता (63) की सड़क हादसे में मौत हो गई। कैंट थाना क्षेत्र में मिलिट्री अस्पताल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल कारोबारी को पुलिस जिला अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से व्यापारिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। हादसे की जानकारी मिलने पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
मिलिट्री अस्पताल के पास हुआ हादसा
कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर गार्डन निवासी विनय गुप्ता पेट्रोल पंप संचालक थे। परिजनों के मुताबिक, वह प्रतिदिन सुबह टहलने जाते थे। मंगलवार को भी वह रोजाना की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान कैंट थाना क्षेत्र में मिलिट्री अस्पताल के पास एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही टूट गई सांसें
एसपी सिटी चिराग जैन के मुताबिक, राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल कारोबारी को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए उनके पास मिले सामान की जांच की। जेब से मोबाइल फोन और कुछ जरूरी दस्तावेज बरामद हुए, जिनके आधार पर परिजनों से संपर्क कर उन्हें घटना की जानकारी दी गई।
पत्नी बदहवास, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया
हादसे की खबर मिलते ही परिवार के सदस्य जिला अस्पताल की मोर्चरी पहुंच गए। पति की अचानक मौत से पत्नी बरखा गुप्ता बदहवास हो गईं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। विनय गुप्ता की दो बेटियां हैं, जो बाहर रहती हैं। उनकी मौत की खबर फैलते ही रिश्तेदारों, परिचितों और व्यापारियों का अस्पताल पहुंचना शुरू हो गया। रामपुर गार्डन क्षेत्र में भी शोक का माहौल है। पेट्रोल पंप संचालन के साथ ही व्यापारिक जगत में विनय गुप्ता की विशिष्ट पहचान थी।
सीसीटीवी फुटेज से फरार वाहन की तलाश
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि हादसे की जांच के लिए कैंट इंस्पेक्टर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई है। शहर के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर (आईसीसीसी) से भी वाहनों की आवाजाही से संबंधित सीसीटीवी फुटेज जुटाए जाएंगे। पुलिस आसपास के कैमरों की रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर टक्कर मारने वाले वाहन तथा उसके चालक की पहचान करने में जुटी है। हादसे के बाद चालक किस दिशा में फरार हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।
राज्यपाल संतोष गंगवार ने परिवार को दी सांत्वना
कारोबारी विनय गुप्ता की सड़क हादसे में मौत की जानकारी मिलने पर बरेली आए झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार भी शोक संतप्त परिवार से मिलने पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त की। कैंट विधायक संजीव अग्रवाल और बिथरी चैनपुर विधायक डॉ. राघवेंद्र शर्मा ने भी परिवार से मुलाकात कर उन्हें इस कठिन समय में धैर्य रखने का संबल दिया। जनप्रतिनिधियों ने पुलिस अधिकारियों से भी हादसे की जानकारी ली।