बरेली के आनंद आश्रम में छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव की धूम, हरे-रामा के संकीर्तन से गूंजा परिसर; सांसद-विधायकों समेत उमड़े श्रद्धालु

-आरके सिंह- बरेली। आनंद आश्रम में मंगलवार को छप्पन भोग एवं अन्नकूट महोत्सव श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ धूमधाम से संपन्न हुआ। सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। हरिनाम संकीर्तन, राधा-कृष्ण के भजनों, आरती और छप्पन भोग के आयोजन ने पूरे परिसर को भक्तिमय बना दिया। महोत्सव में सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल, विधायक बहोरन लाल मौर्य, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोगों और श्रद्धालुओं ने सहभागिता की तथा अन्नकूट का प्रसाद ग्रहण किया।

Nov 10, 2026 - 22:33
 0
बरेली के आनंद आश्रम में छप्पन भोग और अन्नकूट महोत्सव की धूम, हरे-रामा के संकीर्तन से गूंजा परिसर; सांसद-विधायकों समेत उमड़े श्रद्धालु
बरेली के आनंद आश्रम में गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव में प्रसाद वितरण करते आयोजक।

आनंद आश्रम में सुबह 10 बजे से हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ हुआ। इस दौरान राधारानी और भगवान श्रीकृष्ण के मधुर भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। भजन गायन दीपेश खंडेलवाल, सर्वेश अग्रवाल और श्याम मनोहर ने किया। संकीर्तन के बाद भगवान की आरती उतारी गई और छप्पन भोग अर्पित कर प्रसाद वितरित किया गया।

इसके बाद अन्नकूट प्रसाद का वितरण हुआ। बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, बुजुर्ग और युवाओं ने श्रद्धाभाव से प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से देर तक श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। पूरा आश्रम परिसर भक्ति, आस्था और सनातन संस्कृति के रंग में रंगा नजर आया। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन और पूजा-अर्चना कर महोत्सव में सहभागिता की।

इस अवसर पर सांसद छत्रपाल गंगवार, विधायक संजीव अग्रवाल और विधायक बहोरन लाल मौर्य के साथ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में भक्त मौजूद रहे। आयोजन में सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता की परंपरा भी देखने को मिली। अन्नकूट महोत्सव के माध्यम से अन्नदान, सेवा और सामाजिक सद्भाव का संदेश दिया गया।

आयोजन को सफल बनाने में आनंद आश्रम प्रबंध समिति के अध्यक्ष प्रेम शंकर अग्रवाल, उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, मंत्री अनिल अग्रवाल, गिरीश अग्रवाल, संयोजक शशिकांत मोदी, विवेक अग्रवाल (राजू), राकेश मथुरिया, रजनीश अग्रवाल और राजीव अग्रवाल का उल्लेखनीय सहयोग रहा। सभी के सामूहिक प्रयासों से महोत्सव सुंदर और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

SP_Singh AURGURU Editor