अंतरिक्ष में रॉकेट, धरती पर अंधविश्वास: भारत कब जागेगा?

चांद पर पहुंचने का हौसला, पर फैसलों के लिए ज्योतिषियों का सहारा। आधुनिक भारत को चाहिए विज्ञान, तर्क और सवाल पूछने की आजादी। 

Nov 11, 2026 - 04:41
 0
अंतरिक्ष में रॉकेट, धरती पर अंधविश्वास: भारत कब जागेगा?

-बृज खंडेलवाल-

हम कैसा भारत गढ़ रहे हैं? एक तरफ हमारे यान चांद पर उतर रहे हैं और मंगल की राह नाप रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, परमाणु तकनीक और आधुनिक चिकित्सा में हम दुनिया से होड़ ले रहे हैं। दूसरी तरफ शादियां ग्रहों की चाल देखकर तय होती हैं, नेता शुभ मुहूर्त में कुर्सी संभालते हैं और टीवी चैनलों पर भविष्यवक्ताओं की दुकानें चमक रही हैं। 

हाथ में स्मार्टफोन है, पर दिमाग में सदियों पुराने डर। एक भारत विज्ञान की नई दुनिया में छलांग लगा रहा है, तो दूसरा आज भी भूत-प्रेत, टोने-टोटके और चमत्कारों में उलझा है। 

विश्व विज्ञान दिवस (10 नवंबर) पर यह विरोधाभास हमें आईना दिखा रहा  है। यूनेस्को द्वारा मनाए जाने वाले इस दिन का 2026 विषय है, ‘विज्ञान कूटनीति के माध्यम से साझा आधार’। क्या केवल रॉकेट और कंप्यूटर बना लेने से देश वैज्ञानिक हो जाएगा? या सोचने का नजरिया भी बदलना होगा? विज्ञान किताबों का विषय भर नहीं, जीने का एक तरीका है। 

संविधान का अनुच्छेद 51A(h) हर नागरिक का मौलिक कर्तव्य तय करता है कि वह वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानवता, जिज्ञासा और सुधार की भावना विकसित करे। यह सरकारी खानापूर्ति नहीं, आधुनिक भारत की बुनियाद है। 

सार्वजनिक टिप्पणीकार प्रो. पारस नाथ चौधरी कहते हैं, “वैज्ञानिक सोच का मतलब है हर बात को आंख मूंदकर न मानना। सवाल पूछना, सबूत मांगना और सच की तलाश करना। दावा कितना भी बड़ा हो, उसे परखना जरूरी है। इसका अर्थ आस्था का विरोध नहीं है। हर व्यक्ति को अपनी आस्था रखने की पूरी आजादी है। लेकिन सरकार, शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास के फैसले ग्रह-नक्षत्र देखकर नहीं होने चाहिए।” 

दुआ दिल को सुकून दे सकती है, पर बीमारी का इलाज डॉक्टर ही करेगा। प्रार्थना हौसला देती है, पर नदी की सफाई के लिए मशीनें और वैज्ञानिक योजना चाहिए। 

आसपास नजर डालिए। ज्योतिष का बाजार तेजी से बढ़ रहा है। हाल के अनुमानों के अनुसार यह उद्योग अरबों डॉलर (हजारों करोड़ रुपये) का हो चुका है और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए और तेजी से फैल रहा है। टीवी पर भविष्यवाणियां बिक रही हैं, मोबाइल ऐप कुंडली बना रहे हैं, कोई अमीर बनने का मंत्र बेच रहा है तो कोई शादी के उपाय। डर और अनिश्चितता इस कारोबार की सबसे बड़ी पूंजी हैं। 

स्टूडेंट माही हीथर पूछती हैं, "परीक्षा में सफलता मेहनत से मिलेगी या ग्रहों की पूजा से? किसान को सटीक मौसम की जानकारी चाहिए या पंडित की भविष्यवाणी? बीमार को अस्पताल चाहिए या चमत्कार का दावा करने वाला बाबा?"

सबसे बड़ी चिंता तब होती है, जब पढ़े-लिखे लोग और सत्ता में बैठे जिम्मेदार लोग भी ज्योतिषियों की शरण में जाते हैं। समाज उन्हीं से सीखता है। जब बड़े लोग विवेक छोड़ेंगे, तो आम आदमी से क्या उम्मीद की जाए? आधुनिक देश शुभ-अशुभ के भरोसे नहीं, समझदारी और तैयारी के दम पर आगे बढ़ते हैं। 

दुनिया तेजी से बदल रही है। एआई, रोबोटिक्स, जैव प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष अनुसंधान और स्वच्छ ऊर्जा भविष्य की तस्वीर गढ़ रहे हैं। भारत ने भी दम दिखाया है। इसरो की उपलब्धियां गर्व की बात हैं ; चंद्रयान-3 ने 23 अगस्त 2023 को चांद के दक्षिणी ध्रुव के पास सफल सॉफ्ट लैंडिंग की (पहला देश), मंगलयान ने 2014 में मंगल की कक्षा में प्रवेश किया, आदित्य-एल1 सूर्य का अध्ययन कर रहा है, और गगनयान की तैयारी जारी है। डिजिटल क्रांति और दवा उद्योग की प्रगति भी उल्लेखनीय है। 

पर विज्ञान की असली सार्थकता तब है, जब उसका लाभ आम आदमी तक पहुंचे। किसान को बेहतर बीज, मिट्टी की जांच, मौसम की सटीक जानकारी और आधुनिक सिंचाई चाहिए। शहरों को साफ पानी, बेहतर यातायात और कचरा प्रबंधन चाहिए। मरीजों को सस्ता इलाज और भरोसेमंद दवाइयां चाहिए। 

गरीबी का इलाज रोजगार है, बीमारी का इलाज चिकित्सा विज्ञान, और प्रदूषण का जवाब तकनीक व सख्त कानून। विज्ञान समस्याओं का समाधान खोजता है, जबकि अंधविश्वास अक्सर उनसे भागने का रास्ता दिखाता है। 

हमारी शिक्षा व्यवस्था को भी बदलना होगा। डिग्रियां बांटने और किताबें रटाने से वैज्ञानिक समाज नहीं बनेगा। बच्चों को सवाल पूछना सिखाइए, प्रयोग करने दीजिए, गलती करके सीखने का मौका दीजिए। स्कूलों में विज्ञान, पर्यावरण, खगोल विज्ञान और तकनीक को रोचक बनाया जाए। विश्वविद्यालय शोध और नवाचार के केंद्र बनें, और वैज्ञानिक अपनी खोजें सरल भाषा में जनता तक पहुंचाएं। 

मीडिया को भी अपना दायित्व निभाना होगा। चमत्कारों और झूठे दावों को प्राइम टाइम देना बंद हो और जागरूकता बढ़ाने वाले कार्यक्रमों को जगह मिले। 

आधुनिक होने का मतलब पश्चिम की नकल करना नहीं है। अपनी संस्कृति, भाषा, त्योहारों और विरासत को सहेजते हुए भी वैज्ञानिक बना जा सकता है। हर पुरानी परंपरा गलत नहीं होती, लेकिन सिर्फ पुरानी होने से कोई बात सही भी नहीं हो जाती। जो मान्यताएं भेदभाव, शोषण और भय फैलाती हैं, उन्हें बदलना होगा। 

सच्ची संस्कृति वही है जो इंसान को बेहतर बनाए। जो सवाल पूछने से रोके, वह संस्कृति नहीं, मानसिक गुलामी है। 

आज भारत को वैज्ञानिक सोच वाले नेता, ईमानदार प्रशासक, समर्पित शिक्षक और खोजी युवा चाहिए। नीतियां सबूतों पर बनें, अस्पतालों में चिकित्सा विज्ञान चले और पर्यावरण की रक्षा वैज्ञानिक तरीके से हो। 

हमारे पास युवा आबादी है, प्रतिभा है और तकनीक में आगे बढ़ने का अवसर है। लेकिन मशीनें खरीदने से राष्ट्र विकसित नहीं होता, सोच भी आधुनिक होनी चाहिए। 

लड़ाई धर्म और विज्ञान के बीच नहीं है। असली लड़ाई अंधविश्वास और विवेक, डर और ज्ञान, गुलामी और स्वतंत्र चिंतन के बीच है। 

इस विश्व विज्ञान दिवस पर संकल्प लें कि हम सवाल पूछेंगे, सबूत मांगेंगे और तर्क का साथ देंगे। हमें प्रयोगशालाएं चाहिए, चमत्कारों की दुकानें नहीं। शोधकर्ता चाहिए, भविष्यवक्ता नहीं। ज्ञान चाहिए, खोखले वादे नहीं। 

आखिर कब तक हम चांद पर पहुंचकर भी राहु-केतु से डरते रहेंगे? विकसित भारत का रास्ता विज्ञान, तकनीक और वैज्ञानिक सोच से होकर जाता है। शुभ मुहूर्त का इंतजार छोड़िए, काम शुरू कीजिए! 

SP_Singh AURGURU Editor